डॉ. संदीप सिंहमार। Button Mushroom Cultivation: आज के जमाने में खेती को केवल खेत-खलिहान, धूप-पसीना और बारिश के इंतजार तक सीमित रखना एक गलत धारणा है। अब खेती का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, खासकर छोटे किसानों और युवाओं के लिए। घर के एक छोटे से कमरे में, एसी या नियंत्रित वातावरण में बैठकर भी खेती करके लाखों रुपये का व्यवसाय खड़ा किया जा सकता है। इसी नई स्मार्ट खेती का सबसे आकर्षक उदाहरण है—बटन मशरूम की खेती। Button Mushroom ki Kheti
यह न केवल जमीन पर कम निर्भर है, बल्कि पारंपरिक फसलों की तुलना में तेजी से आय देने वाला और कम जोखिम वाला व्यवसाय भी है। पारंपरिक खेती में आमतौर पर ट्रैक्टर, खेत, बारिश या नहर, घंटों की मेहनत और फिर भी बाजार भाव की अनिश्चितता बनी रहती है। इसके विपरीत, बटन मशरूम की खेती एक इनडोर और नियंत्रित वातावरण (कंट्रोल्ड एन्वायरनमेंट फार्मिंग) का रूप है।
इसमें मुख्यत: एक खाली कमरा या बेसमेंट, नमी और तापमान को नियंत्रित करने के लिए साधारण उपकरण तथा थोड़ी बेसिक ट्रेनिंग की आवश्यकता होती है। इसके बाद लगभग 40-45 दिनों में पहली तुड़ाई शुरू हो जाती है, और साल भर में 5-6 बार फसल ली जा सकती है। इतना तेज उत्पादन चक्र और कम जगह में अधिक आय इस खेती को आधुनिक किसानों के लिए अत्यंत आकर्षक बनाता है।
तकनीक कैसे करती है काम | Button Mushroom ki Kheti
बटन मशरूम की खेती पारंपरिक खेती से बिल्कुल अलग है। इसके लिए उपजाऊ मिट्टी की जरूरत नहीं होती, बल्कि कंपोस्ट की आवश्यकता होती है, जो पराली, भूसे या अन्य कृषि अवशेषों से तैयार किया जाता है।
इस कंपोस्ट में मशरूम के स्पॉन (बीज) मिलाए जाते हैं और इसे अंधेरे, ठंडे व नम कमरे में रखा जाता है। यहां मशरूम बिना सूर्य प्रकाश के विकसित होते हैं। केवल पर्याप्त नमी और सही तापमान बनाए रखना जरूरी होता है।
आजकल स्वचालित मिस्टिंग सिस्टम, थमार्मीटर और ह्यूमिडिटी मॉनिटर जैसे उपकरण इन परिस्थितियों को बनाए रखने में काफी सहायक होते हैं।
वर्टिकल फार्मिंग, जगह की बचत
एक के ऊपर एक रैक लगाकर छोटी जगह में भी बड़ी मात्रा में मशरूम उत्पादन किया जा सकता है। जो उत्पादन एक बीघा खेत में होता है, वह एक या दो कमरों में भी संभव हो जाता है। यह बिल्कुल उसी तरह है जैसे बहुमंजिला इमारतों में ऊपर-नीचे फ्लैट बनाकर स्थान का अधिकतम उपयोग किया जाता है। इससे शहरों के आसपास या छोटे गांवों में रहने वाले लोग भी बिना अधिक जमीन के इस व्यवसाय को शुरू कर सकते हैं।
बाजार और लगातार मांग
बटन और आॅयस्टर मशरूम जैसी प्रजातियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। बड़े शहरों में रेस्टोरेंट और बेकरी में इनका व्यापक उपयोग होता है। स्वस्थ आहार के बढ़ते चलन के कारण मशरूम अब घर-घर तक पहुंच चुके हैं, क्योंकि यह कम कैलोरी वाला, प्रोटीन युक्त और डायबिटीज के मरीजों के लिए भी उपयुक्त खाद्य है। इसके कारण उत्पादकों को बाजार ढूंढने में ज्यादा कठिनाई नहीं होती। आप स्थानीय रेस्टोरेंट, होटल या सब्जी विक्रेताओं से सीधा संपर्क करके नियमित आॅर्डर प्राप्त कर सकते हैं।
बिक्री के नए रास्ते
डिजिटल कनेक्टिविटी ने मशरूम की बिक्री को और आसान बना दिया है। आप अपनी सोसायटी के व्हाट्सऐप ग्रुप, स्थानीय फूड डिलीवरी ऐप्स या ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से ताजा मशरूम की आपूर्ति कर सकते हैं। इससे बिचौलियों की भूमिका कम होती है और उत्पादक को बेहतर मूल्य मिलता है। यदि पैकेजिंग आकर्षक, साफ-सुथरी और ब्रांडेड हो, तो सुपरमार्केट और हाइपरमार्केट में भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है। Button Mushroom ki Kheti
आॅर्गेनिक और वैल्यू-एडेड उत्पाद
आजकल उपभोक्ता केवल कीमत ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता और स्वच्छता पर भी ध्यान देते हैं। यदि आप बिना रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के मशरूम तैयार करते हैं, तो इसे आॅर्गेनिक उत्पाद के रूप में बेचा जा सकता है। ऐसे उत्पादों पर आमतौर पर 20-30% तक अधिक मूल्य प्राप्त किया जा सकता है। इसके अलावा, मशरूम की शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए इसे सुखाकर, पाउडर बनाकर या प्रोसेस करके मशरूम सॉस और मसाला जैसे वैल्यू-एडेड उत्पाद भी तैयार किए जा सकते हैं।
जोखिम कम और नियंत्रण अधिक
पारंपरिक खेती में कीट, रोग, अनिश्चित मौसम, सूखा या बाढ़ जैसे कारकों से भारी नुकसान हो सकता है। लेकिन मशरूम की स्मार्ट खेती में यह जोखिम काफी हद तक कम हो जाता है। इसमें तापमान, नमी, हवा और कच्चे माल की गुणवत्ता पर किसान का पूरा नियंत्रण होता है। कीटों का खतरा भी कम रहता है, क्योंकि यह नियंत्रित वातावरण में उगाई जाती है। इससे उत्पादन स्थिर रहता है और गुणवत्ता बनाए रखना भी आसान हो जाता है।
यह भी पढ़ें:– पासपोर्ट सेवाएं अब आपके द्वार: पश्चिमी यूपी में विशेष मोबाइल वैन अभियान















