फरीदाबाद में 200 से 400 बेड का नया आधुनिक अस्पताल स्थापित किया जाएगा: विपुल गोयल
- 4 अप्रैल को फरीदाबाद आएंगे मुख्यमंत्री नायब सैनी, बड़े प्रोजेक्टों की होगी घोषणा
फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Faridabad News: हरियाणा सरकार में राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने जिला अस्पताल में हार्ट सेंटर का उद्घाटन किया। उनके साथ नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा भी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि कहा कि हृदय रोग से संबंधित इलाज आम आदमी के लिए महंगा होता है, लेकिन अब बीके अस्पताल में कम खर्च में आधुनिक उपचार उपलब्ध होगा।
उन्होंने बताया कि जहां निजी अस्पतालों में स्टेंट लगाने का खर्च दो लाख रुपये तक होता है, वहीं यहां यह सुविधा किफायती दरों में उपलब्ध होगी। इसी प्रकार हृदय से संबंधित विभिन्न जांचें भी बाजार दर से काफी कम शुल्क पर की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले एक वर्ष के भीतर अस्पताल के मौजूदा ढांचे में बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा तथा प्रदेश सरकार द्वारा बजट में लिए गए निर्णय के अनुसार फरीदाबाद में 200 से 400 बेड का नया आधुनिक अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और फरीदाबाद को चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया की पलवल के सरकारी अस्पताल की तर्ज पर फरीदाबाद के जिला अस्पताल परिसर में भी शीघ्र ही महाकाल रसोई शुरू की जाएगी, जहां मरीजों के परिजनों को मात्र 10 रुपए की रियायती दर पर भोजन मिलेगा तथा प्रारंभिक चरण में जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। Faridabad News
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने जानकारी दी कि 4 अप्रैल को सेक्टर-12, फरीदाबाद में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें फरीदाबाद के विकास से जुड़े अनेक बड़े प्रोजेक्टों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बजट में मेट्रो विस्तार, आरआरटीएस, ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी, नए अस्पताल, सड़क परियोजनाएं तथा अन्य विकास कार्य शामिल हैं। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि आगामी 28 अप्रैल को जे.सी. बोस यूनिवर्सिटी (पूर्व में वाईएमसीए) में एक बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपना बायोडाटा जमा कर इस अवसर का लाभ उठाएं। इस अवसर पर पार्षद कुलीदप साहनी, पार्षद मनोज नासवा, पार्षद जसवंत, मार्केट कमेटी के चेयरमैन सुभाष आहूजा, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन सोनू शर्मा, पीएमओ डॉ राम भगत, डॉ राजेश श्योकंद, डॉ. विशाल, डॉ. रचना मिश्रा, डॉ दिलीप नायर, डॉ सुशील अहलावत, सामाजिक कार्यकर्ता चंदी राम गुप्ता, विनीता गुप्ता, विमल खंडेलवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण मौजूद रहे। Faridabad News
यह भी पढ़ें:– भिवानी में एसपी ने सेक्टर-13 पुलिस चौकी का किया निरीक्षण, पार्क का उद्घाटन















