कल से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को करेंगे वितरण
Calculation forms distributed: हनुमानगढ़। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत टाउन स्थित पंचायत समिति कार्यालय के सभागार में सोमवार को सुपरवाइजर को गणना प्रपत्र का वितरण किया गया। सुपरवाइजर की ओर से मंगलवार से बूथ लेवल अधिकारियों के माध्यम से मतदाताओं को गणना प्रपत्र का वितरण करवाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ को गणना प्रपत्र वितरण एवं एकत्रित करने, गणना प्रपत्र में भरवाई जाने वाली डिटेल्स से संबंधित जानकारी भी दी गई। गणना प्रपत्र वितरण का कार्य तरसेम सिंह बराड़, विकास, ममता आदि की ओर से किया गया। Hanumangarh News
मतदाताओं को गणना प्रपत्र में जानकारी भरनी होगी। ऐसे मतदाता जिसका 2002 की मतदाता सूची में वोट बना हुआ है वह मतदाता उसकी जानकारी देगा। वहीं ऐसे मतदाता जिसका खुद का वोट 2002 की मतदाता सूची में नहीं बना हुआ, वह अपने माता-पिता की जानकारी देगा। अन्य राज्यों के मतदाताओं को उस राज्य की 2002 की मतदाता सूची की जानकारी गणना प्रपत्र में भरनी होगी। अगर कोई मतदाता जानकारी नहीं देता है तो उसका नाम ड्राफ्ट में नहीं आएगा। ऐसे मतदाता को नोटिस जारी होगा।
निर्धारित 13 तरह के दस्तावेजों में से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा
नोटिस जारी होने के बाद उन्हें जवाब में निर्धारित 13 तरह के दस्तावेजों में से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। उसके आधार पर उस मतदाता का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। अगर कोई मतदाता निर्धारित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं करवा पाता है और 2002 की मतदाता सूची में भी उसका नाम नहीं है तो उनका नाम मतदाता सूची से हट जाएगा। गणना प्रपत्र में नवीन रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो चस्पा होगी। तरसेम सिंह बराड़ ने बताया कि चुनाव आयोग की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। यह पूर्व में 2002 में हुई थी। यह प्रक्रिया इस साल बिहार में हुई है।
अन्य राज्यों में भी यह प्रक्रिया चलती रहती है। इसके पीछे का मकसद है कि जो व्यक्ति भारत का नागरिक नहीं है, उसका नाम मतदाता सूची में न रहे। वास्तविक मतदाताओं के नाम ही मतदाता सूची में शामिल हों। उन्होंने बताया कि अगर कोई मतदाता पहली बार में घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ दूसरी बार घर पहुंचेंगे। दूसरी बार भी नहीं मिलने पर तीसरी बार और तीसरी बार नहीं मिलने पर बीएलओ की ओर से दरवाजे के नीचे से गणना प्रपत्र डाला जाएगा और गणना प्रपत्र भरने संबंधी सूचना चस्पा की जाएगी। Hanumangarh News















