पुलिस ने कार चालक व अज्ञात चोर के खिलाफ दर्ज किया मामला
Bike Theft: हनुमानगढ़। भादरा में कार की टक्कर लगने से बाइक सवार दंपती व बेटा घायल हो गए। तीनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीछे से उनकी दुर्घटनाग्रस्त बाइक ही अज्ञात व्यक्ति की ओर से चोरी कर ली गई। इस संबंध में भादरा थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक और बाइक चोरी करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सन्तोष (32), पत्नी सुरेन्द्र कुमार जाट निवासी चाहरवाला जिला सिरसा (हरियाणा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। Hanumangarh News
रिपोर्ट के मुताबिक, 29 जनवरी को सन्तोष अपने पति और पुत्र के साथ बाइक नम्बर एचआर 24 एएफ 0624 पर सवार होकर भादरा में चिकित्सा सुविधा लेने आई थी। उपचार के बाद परिवार वापस घर लौट रहा था। शाम करीब 4.30 बजे जब वे भादरा-सिरसा रोड बाइपास के निकट स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास डेरा के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आई एक कार के चालक ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत उन्हें भादरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान घटनास्थल पर मौजूद एक युवक ने बताया कि वह उनकी बाइक अस्पताल तक लेकर आ रहा है।
प्राथमिक उपचार के बाद परिवार को दुर्घटनास्थल पर उनकी बाइक नहीं मिली
हालांकि, वह युवक अस्पताल नहीं पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद जब परिवार दुर्घटनास्थल पर वापस लौटा, तो वहां उनकी बाइक नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि उसी अज्ञात युवक ने मौके से बाइक चोरी कर ली। पीड़ित परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने तथा अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बाइक चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई दुनीराम को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। Hanumangarh News















