कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: स्वास्थ्य विभाग की ओर से एमबीबीएस एमडी की फर्जी डिग्री लेकर अल्ट्रासाउंड करने वाले एक ‘मुन्नाभाई’ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विभाग की कार्यवाही से फर्जी नगर के फर्जी चिकित्सकों में हड़कंप मचा है। जनपद के स्वास्थ्य विभाग में तैनात नोडल ऑफिसर डॉ. अतुल बंसल ने कैराना कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि गांव कंडेला निवासी अमित कुमार नामक व्यक्ति के द्वारा नवीन अल्ट्रासाउंड सेंटर के पंजीकरण हेतु विभाग के पोर्टल पर आवेदन किया गया था। उक्त अमित कुमार ने डॉ. अवतार सिंह मेहरा(एमबीबीएस एमडी मेडिसिन, डीएमआरडी) को सेवा प्रदाता चिकित्सक नियुक्त किया था। सेवा प्रदाता चिकित्सक के शैक्षिक अभिलेख सत्यापन हेतु उत्तर-प्रदेश मेडिकल काउंसिल लखनऊ प्रेषित किये गए। Kairana News
विगत 20 मार्च को उत्तर-प्रदेश मेडिकल काउंसिल लखनऊ के प्रशासनिक अधिकारी ने पत्र भेजकर अवगत कराया कि सेवा प्रदाता चिकित्सक डॉ. अवतार सिंह मेहरा के शैक्षिक अभिलेखों का उत्तर-प्रदेश मेडिकल काउंसिल कार्यालय से कोई सम्बन्ध नही है। ये अभिलेख पूर्णतया कूटरचित, जाली व सत्य से परे है। डॉ. अवतार सिंह मेहरा ने चिकित्सा से सम्बंधित सभी शैक्षिक अभिलेखों को कूटरचित तरीके से तैयार किया है। नोडल अधिकारी ने आगे बताया कि उक्त अवतार सिंह मेहरा के द्वारा निजी स्वार्थ के लिए आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते हुए चिकित्सा व्यवसाय के अयोग्य होने के उपरांत भी अवैध धन अर्जन करने का कार्य किया गया है। यह कृत्य राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम-2019 की धारा-34(2), भारतीय न्याय संहिता की धारा-318(4) व 61(2) के अंतर्गत आता है। वहीं, पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है। Kairana News
यह भी पढ़ें:– Bank Recruitment: पंजाब एंड सिंध बैंक में 1000 पदों की भर्ती शुरू, जल्दी करें आवेदन















