हमसे जुड़े

Follow us

20.6 C
Chandigarh
Tuesday, March 31, 2026
More

    Farmers News: चक्काजाम को लेकर 15 किसान नेताओं पर मुकदमा दर्ज

    Hanumangarh News
    Sanketik Photo

    Cases filed on farmers: हनुमानगढ़। अटल भूजल योजना के तहत किसानों की ओर से निर्मित डिग्गियों की लंबित सब्सिडी के भुगतान की मांग को लेकर 6 फरवरी को रावतसर रोड स्थित कोहला टोल प्लाजा पर चक्काजाम करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं के खिलाफ टाउन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में 15 किसान नेताओं को नामजद किया है। टाउन थाना पुलिस के अनुसार एसआई रामकेर ने रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि 6 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान नेता कोहला टोल नाके पर चक्काजाम करने पहुंचे। Hanumangarh News

    कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान किसान नेता रेशम सिंह मानुका, रायसाहब चाहर, सुरेन्द्र शर्मा, सुभाष गोदारा मक्कासर, संदीप कंग, शेर सिंह शाक्य, काका सिंह, सचिन कौशिक, जयदेव भिड़ासरा, आत्मा सिंह, अमन सिंह हिरणावाली, जगजीत सिंह उर्फ जग्गी, बलविन्द्र सिंह गुरुसर, रविन्द्र सिंह चक ज्वाला सिंह वाला एवं जाकिर हुसैन पीरकामड़िया के नेतृत्व में करीब 50-60 लोग सड़क के बीच बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने भाषणबाजी करते हुए टोल प्लाजा पर आवागमन रोक दिया, जिससे यातायात अवरुद्ध हो गया। थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने प्रदर्शनकारियों को बार-बार समझाइश कर सड़क के एक ओर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने को कहा, लेकिन वे जाम लगाए रखने पर अड़े रहे।

    करीब 10 मिनट तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर उपखण्ड अधिकारी मांगीलाल मौके पर पहुंचे और जाम खोलने तथा आमजन को परेशान नहीं करने की समझाइश की। एसडीएम की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया। सुबह 11.45 बजे से 11.55 बजे तक यातायात प्रभावित रहा, हालांकि इस दौरान यातायात को डायवर्ट कर चालू रखा गया। पुलिस ने प्रशासन की अनुमति के बिना मेगा हाइवे पर यातायात बाधित करने को लेकर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान एसआई मोहर सिंह को सौंपा है। Hanumangarh News