Uttarakhand: पीआरडी स्थापना दिवस पर CM धामी का ऐलान

Uttarakhand News
Uttarakhand: पीआरडी स्थापना दिवस पर CM धामी का ऐलान

PRD Foundation Day 2025: देहरादून। प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को राजधानी देहरादून में भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में उन्होंने पीआरडी जवानों के कल्याण और क्षमतावृद्धि से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं। मुख्यमंत्री ने परेड में प्रस्तुत अनुशासन, साहस और दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि पीआरडी जवानों का समर्पण राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत आधार देता है। Uttarakhand News

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पीआरडी कर्मियों के मेधावी बच्चों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। साथ ही, दिवंगत जवानों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि पीआरडी के जवान सामाजिक सुरक्षा, जनसेवा और राज्य प्रशासन की अनेक जिम्मेदारियों को निष्ठा और लगन के साथ निभाते आए हैं, जो सराहनीय है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्राकृतिक आपदाओं में पीआरडी जवानों का कार्य अत्यंत महत्त्वपूर्ण रहा है। चारधाम यात्रा के दौरान श्रृद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने में उनकी सतर्कता और संवेदनशीलता की विशेष भूमिका रही है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए सभी जवानों का आभार व्यक्त किया। Uttarakhand News

पीआरडी जवानों के लिए एक समर्पित प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा

योजना संबंधी घोषणाओं में मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों के लिए एक समर्पित प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। ड्यूटी के दौरान किसी जवान को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में उसे ड्यूटी पर ही माना जाएगा तथा उपचार अवधि में अधिकतम छह माह तक मानदेय जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि 10 वर्ष की सेवा पूरी करने के पश्चात सेवानिवृत्त पीआरडी कर्मियों को 18 लाख रुपये की एकमुश्त सेवा-राशि प्रदान की जा चुकी है।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश साझा करते हुए लिखा, “सामाजिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी पीआरडी जवानों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ। आपका अनुशासन, निष्ठा और समर्पण राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूती प्रदान करता है।” Uttarakhand News