Uttarakhand Illegal Mining: अवैध खनन पर सरकार का बड़ा एक्शन! सीएम के निर्देश पर इकबालपुर चौकी के सभी पुलिसकर्मी सस्पेंड

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

Uttarakhand Illegal Mining: देहरादून। उत्तराखंड में अवैध खनन के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए राज्य सरकार ने हरिद्वार जिले में बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इकबालपुर पुलिस चौकी के प्रभारी सहित वहां तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार यह कदम उस समय उठाया गया जब अवैध खनन से जुड़ा एक ऑडियो सामने आया, जिसमें पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने चौकी प्रभारी समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया। Uttarakhand News

निलंबित किए गए कर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी), हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेंद्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह और कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं। इसके साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात को सौंप दी गई है, ताकि तथ्यों की निष्पक्ष पड़ताल की जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार और किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रति सरकार की नीति पूरी तरह से ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी यदि अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतते हैं या गलत गतिविधियों में शामिल पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस प्रकरण की जांच निष्पक्ष और शीघ्र पूरी की जाए। साथ ही यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सरकार का मानना है कि ऐसी कार्रवाई से अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगेगा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। Uttarakhand News

About The Author