Theft News: घर का ताला तोडकर चोरों ने लाखों की कीमत के आभूषण व नगदी पर किया हाथ साफ

पुलिस ने छानबीन करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

Sarvesh Kumar Picture
Published On

तोशाम (सच कहूँ/विरेंद्र सिंह)। Tosham News: मंगलवार रात चोरों ने तोशाम में टेलीफोन एक्सचेंज के नजदीक स्थित एक मकान के ताले तोडकर लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी चोरी कर ली। इसकी सूचना पीड़ित मकान मालिक ने पुलिस को दी सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पीड़ित मकान मालिक से पूछताछ की। मकान मालिक विकास जैन तथा मुकेश जैन ने बताया कि मंगलवार को वह किसी शादी में हांसी गए हुए थे और घर पर कोई नहीं था तो मकान पर ताला लगा हुआ था।

बुधवार सुबह पड़ोसी का फोन आया कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है। जब उन्होंने आकर देखा तो मकान के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था तथा अंदर के दरवाजे का ताला तथा कुंडा टूटा हुआ था और मकान के अंदर अलमारी, बेड आदि सब जगह सामान बिखरा हुआ था। इस दौरान पहुंची पुलिस ने छानबीन करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो सीसीटीवी फुटेज में रात्रि करीबन एक बजे के पश्चात तीन व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और घर का ताला तोडकर घर के अंदर करीबन 45 मिनट तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान चोरों ने घर का प्रत्येक कोना छान मारा और अलमारी, मंदिर, बेड आदि सहित सब जगह सामान बिखेर दिया और घर में रखी करीबन 2 लाख रुपए की नगदी, एक सोने का मंगलसूत्र, सोने की दो अंगूठी, सोने की दो जोड़ी कानों की बालियां, सोने की एक चैन,

सोने की दो जोड़ी छोटी कानों की बालियां आदि सोने के आभूषण तथा आधा दर्जन से अधिक चांदी की पायल, करीबन 15 चांदी के सिक्के, चांदी का गिलास आदि सहित करीबन डेढ़ किलो चांदी के आभूषण आदि कुल करीबन 15 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित मकान मालिक ने घटना की शिकायत पुलिस को देकर पुलिस से चोरों का पता लगाने तथा चोरी हुआ सामान बरामद करवाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में तोशाम थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मामले में छानबीन जारी है।

About The Author

Related Posts