'जहरीली हो गई है कण्डेला की आबोहवा, ग्रामीण दूषित पानी पीने को मजबूर'
कृषि भूमि में अंश त्रुटि एवं सुधार अभियान के तहत आयोजित शिविर के निरीक्षण पर कण्डेला पहुंचे एडीएम के समक्ष ग्रामीणों ने सुनाई व्यथा
कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: अपर जिलाधिकारी शामली सत्येंद्र कुमार सिंह ने गांव कण्डेला के पंचायत सचिवालय में पहुंचकर ग्रामीणों व किसानों की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों ने औद्योगिक इकाइयों से फैलने वाले प्रदूषण से अनेकों लोगो को जानलेवा बीमारियों के जद में आने के आरोप लगाए। ग्रामीणों ने गांव में बिछी भूमिगत वाटर पाइपलाइन के अनेकों जगहों से लीकेज होने से घरों में दूषित पानी पहुंचने की भी शिकायत की।
बुधवार को तहसील क्षेत्र के गांव कण्डेला में स्थित पंचायत सचिवालय भवन में राजस्व विभाग की ओर से कृषि भूमि के रिकार्ड में दर्ज अंश त्रुटि एवं सुधार हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। जहां पर पहुंचकर एडीएम शामली(वित्त एवं राजस्व) सत्येंद्र कुमार सिंह ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों व किसानों की समस्याएं भी सुनी। इस दौरान मौजूद लोगों को शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के उद्देश्य से भी अवगत कराया गया। एडीएम ने कहा कि कृषि भूमि से जुड़े जिन खसरों में अंश सम्बन्धी त्रुटियां है।
उन्हें शासनादेश के अनुसार सभी जगहों पर शिविर आयोजित करके दुरुस्त किया जा रहा है। यह अभियान आगामी चार जुलाई तक चलेगा। उच्चाधिकारियों के पर्यवेक्षण में तहसील क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत पर हलका लेखपाल शिविर में उपस्थित रहकर अंश सुधार की प्रक्रिया को पूरा करेगा। उन्होंने सम्बंधित किसानों से शासन के इस अभियान का लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने एडीएम को गांव से जुड़ी अनेकों समस्याओं के बारे में भी बताया। हिंगोखेड़ी के ग्रामीण रोशनलाल ने आरोप लगाया कि औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्रियों से फैले प्रदूषण से सैकड़ों लोग जानलेवा बीमारियों की जद में आ चुके है।
ग्रामीण ने दावा किया कि इनमें से अनेकों लोग असमय मौत के मुंह में भी समा गए है। इसके अलावा, पेलयजल आपूर्ति हेतु बिछाई गई भूमिगत पाइपलाइन जगह-जगह से लीकेज है, जिसके चलते ग्रामीणों के घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का कोई समाधान नही हुआ। ग्रामीण ने बेसहारा गोवंशों के द्वारा खेतों में किये जा रहे फसलों के नुकसान का मुद्दा भी अफसरों के सामने उठाया। कण्डेला के ग्रामीण सोनू चौहान ने गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित वाल्मीकि समाज के श्मशान घाट में फैली गंदगी को साफ कराने की मांग की। वहीं, ग्रामीण रोशन चौहान ने चौधरी मानसिंह राजकीय इण्टर कॉलिज के सामने स्थित तालाब के ओवरफ्लो होने पर छात्राओं के विवशतापूर्वक जलभराव से होकर गुजरने की समस्या से अवगत कराया।
प्रधान प्रतिनिधि सूरज चौहान ने भी अधिकारियों के सामने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड(आईजीएल) के द्वारा गांव में पीएनजी आपूर्ति हेतु किये जा रहे कार्य को सही तरीके व समय से पूरा न करने की बात कही। इस दौरान एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, नायब तहसीलदार सतीश यादव, लेखपाल अनुराग पंवार तथा रूपेश चौहान, चुहुड चौहान, अनुज चौहान, मनोज स्वामी, महीपाल स्वामी, राहुल पांचाल आदि मौजूद रहे। एडीएम ने कण्डेला के अलावा गांव मवी व मन्नामाजरा में आयोजित शिविरों का भी निरीक्षण किया।

About The Author