राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों को बांटी स्कूल यूनिफॉर्म, नियमित उपस्थिति पर दिया जोर

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 108 विद्यार्थियों को बांटी स्कूल यूनिफॉर्म, नियमित उपस्थिति पर दिया जोर

Published On

लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) ने बुधवार को जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय के 108 विद्यार्थियों को दो-दो जोड़ी स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की। उन्होंने कहा कि शिक्षा से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहना चाहिए और नियमित विद्यालय आने की आदत ही उसके उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।  

इस दौरान उन्होंने विद्यालय प्रशासन को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन स्थित आदर्श माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 108 विद्यार्थियों को दो-दो जोड़ी स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की। यह यूनिफॉर्म राज्यपाल की प्रेरणा से प्रतापगढ़ के सांसद एसपी सिंह पटेल के सहयोग से उपलब्ध कराई गई। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की योजना है।

यूनिफॉर्म वितरण के लिए उन विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिनकी विद्यालय में नियमित उपस्थिति रही। इस पहल का उद्देश्य अन्य छात्रों को भी नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित करना है, ताकि उनमें अनुशासन की भावना विकसित हो और वे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

राज्यपाल ने कहा कि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उनका प्रयास है कि विद्यालयों में ड्रॉपआउट की समस्या कम हो, बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़े और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सभी तक पहुंचे।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। राज्यपाल ने कहा कि जो छात्र प्रतिदिन विद्यालय आएंगे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विद्यालय की प्रधानाचार्या को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ड्राइंग, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का नियमित आयोजन कराया जाए, ताकि बच्चों की प्रतिभा निखरे और उनमें आत्मविश्वास का विकास हो।

Lucknow News

About The Author

Related Posts