शिक्षा और रोजगार
वलीमे में बीफ बनाने वाला एक और बावर्ची गिरफ्तार, जेल रवाना
वलीमा दावत में बीफ मामले में एक और बावर्ची गिरफ्तार
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। पुलिस ने वलीमे की दावत में गोमांस बनाने वाले एक और बावर्ची को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में पुलिस अभी तक दूल्हे, उसके पिता व मामा तथा बैंक्वेट हॉल स्वामी समेत कुल आठ लोगो को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। विगत 18 जून की शाम कोतवाली पुलिस ने कस्बे के मोहल्ला रेतेवाला में स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम में वलीमे की दावत में गोमांस पकाए जाने की सूचना पर छापामार कार्यवाही की थी। जहां पर पुलिस ने बीफ से बने व्यंजन बरामद किए थे।
पुलिस ने मौके पर मौजूद दूल्हे फरमान व उसके मामा सलमान निवासी मोहल्ला छड़ियान कस्बा कैराना को गिरफ्तार कर लिया था, जिनकी निशानदेही पर इस्सापुर खुरगान के जंगल से गोवंश अवशेष, पशु वध के उपकरण, दस किग्रा गोमांस बरामद हुआ था। गोमांस को इस्सापुर खुरगान के जंगल से मैरिज होम तक ले जाने में इस्तेमाल की गई दहेज में मिली नई स्कॉर्पियो कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया था। मामले में दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान की ओर से कोतवाली पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था।
इसी क्रम में रविवार को पुलिस ने वलीमे की दावत में बीफ बनाने के आरोपी बावर्ची सादिक मोहल्ला खैलकलां खुरगान रोड कस्बा कैराना को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। इससे पूर्व, पुलिस दूल्हे फरमान, उसके मामा सलमान, पिता फुरकान, मुगल गार्डन मैरिज होम स्वामी अनीस अहमद व खाना बनाने वाले एक अन्य बावर्ची समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने बताया कि वलीमे में प्रतिबंधित पशु मांस बनाए जाने के मामले में एक आरोपी को और गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।

About The Author