International Yoga Day: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बड़ी घोषणाएं
योग शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, स्कूलों में कक्षा 3 से 9 तक पाठ्यक्रम में होगा शामिल
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने आज 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 2026 के अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह में योग को जन-आंदोलन के रूप में विकसित करने तथा विद्यार्थियों एवं युवाओं में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र में कक्षा 3 से लेकर कक्षा 9वीं तक सभी कक्षाओं के पाठ्यक्रम में योग शिक्षा को लागू किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी विद्यालयों में योग तथा योग शिक्षा को नियमित रूप से प्रोत्साहित करने के लिए सभी पीटीआई, डीपीईडी, पीजीटी तथा चिह्नित पीआरटी शिक्षकों को योगासनों का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों को नियमित रूप से योगाभ्यास करवाया जा सके। इसके अलावा, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग तथा हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं में योग से संबंधित कुछ प्रश्नों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा। इसके लिए परीक्षा नीति में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि मोरनी में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के क्षेत्र में एक राज्य स्तरीय संस्थान की स्थापना की जाएगी, जहां प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग से संबंधित स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। साथ ही प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में स्थापित किए जा रहे पांच सेंटर आॅफ एक्सीलेंस में योग को भी एक प्रमुख घटक के रूप में शामिल किया जाएगा। सैनी ने कहा कि योग पाठ्यक्रम में आयुर्वेद के पाठ्यक्रम के कुछ अंशों को शामिल किया जायेगा। साथ ही, पूर्व में स्वीकृत आयुष योग कोच/ प्रशिक्षक के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएंगी।
16 देशों के युवाओं ने बढ़ाया राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का गौरव
चंडीगढ़। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 2026 के अवसर पर आज पंचकूला योगमय नजर आया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह में हजारों नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। समारोह को विशेष अंतरराष्ट्रीय स्वरूप तब मिला, जब हरियाणा में अध्ययनरत एवं कार्यरत 16 मित्र देशों के सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक इसमें भागीदारी की। इस अवसर पर हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव भी उपस्थित रहीं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने हरित योग अभियान को और गति देते हुए परेड ग्राउंड परिसर में पौधारोपण किया। इसके उपरांत उन्होंने हरियाणा योग आयोग, पतंजलि योग संस्थान, भारतीय योग संस्थान और एनर्जेटिक योग संस्थान द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि योग को एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि योग को जीवन का हिस्सा बनाएं और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
जापान में योग दिवस पर लोगों ने किया योग
जापान में चल रहे अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जापानी नागरिकों, भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। योगाभ्यास, ध्यान एवं भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं के माध्यम से भारत-जापान मैत्री और सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया। मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की सराहना करते हुए आयोजकों और प्रतिभागियों को बधाई दी।
लोक भवन में उत्साह पूर्वक मनाया गया 12 वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
हरियाणा लोक भवन में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। हरियाणा योग आयोग तथा आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर प्रदेश की प्रथम महिला मित्रा घोष भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है, जो मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन तथा उत्तम स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि मानसिक शांति से शरीर और मन दोनों का सर्वांगीण विकास संभव होता है।
सचिवालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने किए योगासन
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा सिविल सचिवालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्थानीय हरियाणा निवास में आयोजित योग उत्सव में भाग लिया और योगासन किए। इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य सचिव विजेंद्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और योगाभ्यास किया। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने अधिकारियों व कर्मचारियों को योग प्रोटोकॉल से जुडे विभिन्न योग करवाएं। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोलकाता में योग दिवस से जुड़े लाइव कार्यक्रम का लाइव प्रसारण को भी देखा गया। इस मौके पर सचिवालय स्थापना शाखा के स्पेशल सेक्रेटरी डॉ. मुनीष नागपाल ने अतिरिक्त मुख्य सचिव का स्वागत किया।
