Haryana News: सरकारी अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल: मुख्यमंत्री सैनी

हरियाणा के सरकारी अस्पताल निजी अस्पतालों से भी अधिक सुविधा संपन्न होंगे

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के सभी सरकारी अस्पताल जल्द ही निजी अस्पतालों से भी अधिक सुविधा संपन्न होंगे। हरियाणा सरकार नागरिक अस्पतालों की सुविधाओं को इतने बड़े स्तर पर विकसित कर रही है कि जल्द ही आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सभी सरकारी अस्पतालों में सुनिश्चित हो पाएंगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह बात रविवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में हरियाणा की स्वास्थ्य सुविधाओं, सरकारी अस्पतालों के आधुनिकीकरण तथा मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सुश्री आरती सिंह राव, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री एके सिंह, नेशनल हेल्थ मिशन के निदेशक डॉ. आरएस ढिल्लों सहित अन्य उच्चाधिकारी भी उपस्थित थे।

12 जिलों के सरकारी अस्पतालों के नवीनीकरण कार्य की समीक्षा की

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों के कायाकल्प व नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी जिलों के नागरिक अस्पतालों को इस प्रकार से अपग्रेड किया जाए कि ये आमजन के लिए निजी अस्पतालों से भी अधिक सुविधाजनक हों। उन्होंने वर्तमान में 12 जिलों, अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, हिसार, कैथल, महेंद्रगढ़, पलवल, पंचकूला, रेवाड़ी, सोनीपत व नूंह के जिला अस्पतालों के चल रहे नवीनीकरण कार्यों का मूल्यांकन किया और इनके संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सरकारी अस्पतालों में बढ़ी आयुष्मान योजना के मरीजों की संख्या

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बढ़ती सुविधाओं का ही असर है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत वित्त वर्ष 2024-25 में 8.83 प्रतिशत मरीजों के इलाज पर सरकार द्वारा 26 करोड़ रुपये के बिलों का भुगतान किया गया था वहीं 2025-26 में 32 प्रतिशत मरीजों ने योजना के तहत अपना इलाज सरकारी अस्पतालों में करवाया जिस पर सरकार ने 126 करोड़ रुपये के बिलों का भुगतान किया है। उन्होंने कहा कि हमें इस दिशा में अभी काफी काम करना है।  

छतों पर लगेंगे सोलर पैनल

नायब सिंह सैनी ने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों व मेडिकल कॉलेजों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएं ताकि संबंधित अस्पताल की बिजली जरूरतें इसी से पूरी हो सकें। इन सोलर प्लांट को नेट मीटरिंग के माध्यम से ग्रिड से जोड़ा जाए ताकि अतिरिक्त बिजली ग्रिड में चली जाए।  

सरकारी अस्पतालों में 140 प्रकार के टेस्ट की आधुनिक सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे सहित लगभग 140 प्रकार के टेस्ट करवाने की आधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं। उन्होंने सभी प्रकार की लैब को भी हाई-टेक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अस्पतालों में पेयजल, शौचालयों, पंखों, एसी, साफ-सफाई, पेंट आदि की बुनियादी सुविधाओं की कोई कमी न रहने दी जाए।

अस्पतालों की छतों की मरम्मत भी प्राथमिकता के आधार पर करवाई जाए ताकि बरसात के मौसम में कहीं भी पानी का रिसाव न हो। उन्होंने छतों पर रखी पानी की टंकियों की सफाई, मरम्मत और टूटे ढक्कन भी ठीक करवाने के निर्देश दिए ताकि पानी की स्वच्छता को बरकरार रखा जा सके। उन्होंने अस्पतालों में लॉन्ड्री से संबंधित कार्यों में भी आधुनिक मशीनों का इस्तेमाल करते हुए इस कार्य को मैकेनाइज्ड करने के निर्देश दिए।

सीएमओ की वित्तीय शक्ति बढ़ाने के निर्देश दिए

नायब सिंह सैनी ने कहा कि अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने और आवश्यक कार्य करवाने के लिए सिविल सर्जन, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों, एनजीओ तथा सामान्य नागरिकों को मिलाकर जो कमेटी गठित की गई है वह भी अस्पताल की कमियों को दूर करने के लिए तत्परता से कार्य करें। उन्होंने सिविल सर्जन की वित्तीय शक्ति को एक लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए ताकि अनुमोदन के इंतजार में विकास कार्य बाधित न हों।

Haryana News
Haryana News: चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी व साथ में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव।

About The Author

Related Posts