Tohana Road Accident: टोहाना में बड़ा सड़क हादसा: खेत में पलटी बस, महिला सहित 3 की मौत, कई घायल
बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क से उतरकर खेत में पलट गई
Tohana Road Accident: टोहाना, फतेहाबाद (सच कहूँ\विनोद शर्मा)। फतेहाबाद से टोहाना आ रही विशाल टूर एंड ट्रेवल की 52 सीटर बस सोमवार को गांव अमानी और भोडी के बीच अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों में पलट गई। हादसे में एक महिला सहित तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक यात्री घायल हो गए। Tohana News
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क से उतरकर खेत में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस कर्मचारी राजेश ने बताया कि बस पलटने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। Tohana News