सच कहूँ की 24वीं वर्षगांठ पर सरस्वती मिशन हॉस्पिटल में लगा विशाल मेगा हेल्थ कैंप, 500 से अधिक मरीजों ने उठाया लाभ
समाज सेवा के क्षेत्र में सच कहूँ की भूमिका अनुकरणी: आशीष चक्रपाणि
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Sach Kahoon 24th Anniversary: राष्ट्रीय समाचार पत्र सच कहूँ की 24वीं वर्षगांठ के अवसर पर सरस्वती मिशन हॉस्पिटल, पिहोवा एवं पार्क हीलिंग टच हॉस्पिटल, अंबाला के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल निःशुल्क मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर में क्षेत्र के 500 से अधिक मरीजों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह का लाभ उठाया।
सरस्वती मिशन हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुदर्शन चुघ एवं डॉ. अमित अरोड़ा ने बताया कि सच कहूँ की 24वीं वर्षगांठ को समाज सेवा के साथ जोड़ते हुए यह विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना ही इस कैंप का मुख्य उद्देश्य रहा। पूरे कैंप का सफल संचालन एवं समन्वय डॉ. अमित अरोड़ा की देखरेख में संपन्न हुआ, जिन्होंने व्यवस्थाओं से लेकर मरीजों की सुविधा तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया।
कैंप में डॉ. सुदर्शन चुघ (जनरल एवं लेप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. ज्योति अग्रवाल (किडनी रोग विशेषज्ञ), डॉ. भविष्य चुघ (यूरोलॉजी विशेषज्ञ), डॉ. तानिया चुघ (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. अमित अरोड़ा सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अलावा वरिष्ठ महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. विभा चुघ एवं डॉ. दीपिका अरोड़ा ने भी महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं जागरूकता संबंधी जानकारी दी।
वहीं डॉ. ज्योति अग्रवाल के साथ उनकी पूरी विशेषज्ञ टीम ने भी कैंप को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी टीम ने किडनी एवं संबंधित रोगों से ग्रस्त मरीजों की जांच कर उन्हें बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव दिए।
शिविर में मरीजों की ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर, ईसीजी, यूरिन टेस्ट, वजन एवं लंबाई की जांच निःशुल्क की गई तथा विभिन्न रोगों के संबंध में विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध करवाया गया। कैंप में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बेहद लाभदायक बताया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि, कांग्रेस नेता सरदार हरमंदीप सिंह विर्क तथा कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिंदल के मीडिया कोऑर्डिनेटर डॉ. राजकुमार सैनी ने शिरकत की।
2.jpg)
नगर पालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि ने कहा कि सच कहूँ केवल एक समाचार पत्र नहीं बल्कि समाज सेवा का सशक्त माध्यम बन चुका है। 24 वर्षों से यह संस्थान जनहित और मानवता की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है, जो वास्तव में सराहनीय है।
सरदार हरमंदीप सिंह विर्क ने कहा कि सच कहूँ ने हमेशा समाज को जोड़ने और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का कार्य किया है। ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के कमजोर वर्गों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होते हैं।
डॉ. राजकुमार सैनी ने कहा कि सच कहूँ एक ऐसा समाचार पत्र है जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर पढ़ सकता है। इसमें किसी प्रकार की अश्लीलता या भ्रामक सामग्री परोसी नहीं जाती। यह अखबार सकारात्मक पत्रकारिता, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
अंत में अतिथियों ने सच कहूँ परिवार को 24वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए जनहित में किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। डॉ अमित अरोड़ा व अस्पताल प्रबंधन ने सभी चिकित्सकों, अतिथियों, स्टाफ सदस्यों, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह विशाल मेगा हेल्थ कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान सच कहूँ परिवार की ओर से सभी मुख्य अतिथियों, चिकित्सकों एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
