20 लाख 50 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

शेयर मार्केट निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Published On

भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी के साइबर क्राइम पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला कारागार भिजवाने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि भिवानी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात आरोपियों ने टेलीग्राम के माध्यम से उससे संपर्क किया और स्वयं को शेयर मार्केट में निवेश का विशेषज्ञ बताते हुए अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया।

आरोपियों ने शिकायतकर्ता को बैंक खातों में अलग-अलग ट्रांजैक्शनों के माध्यम से कुल 20 लाख 50 हजार रुपये निवेश करवाए। इसके बाद न तो शिकायतकर्ता को कोई मुनाफा दिया गया और न ही उसकी निवेश राशि वापस की गई। शिकायत के आधार पर थाना साईबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम थाना के मुख्य सिपाही रफीक ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी।  आरोपी की पहचान राजस्थान के जयपुर के कीर्ति नगर निवासी चरचील के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।

रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई तथा साईबर धोखाधड़ी से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज पुलिस ने अपने कब्जे में लिए। जांच में सामने आया कि आरोपी एक बैंक खाता धारक है जिसने साईबर धोखाधड़ी में प्रयुक्त अपना बैंक खाता अन्य आरोपियों को उपलब्ध करवाया था, जिसके बदले उसे एक लाख रुपये प्राप्त हुए थे। पुलिस रिमांड अवधि पूर्ण होने के पश्चात आरोपी को पुन: न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। वहीं मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

Bhiwani New
Bhiwani News: पुलिस गिरफ्त में धोखाधड़ी का आरोपी।

About The Author

Related Posts