सरसा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल बर्बाद करने वाले 23 लोगों को थमाए नोटिस
पानी बचाने को मैदान में उतरे अधिकारी, कहा-हर रोज चलेगा अभियान
सरसा (सच कहूँ/पवन कुमार)। भीषण गर्मी के बीच पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग और जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन (डब्ल्यूएसएसओ) की संयुक्त टीम ने शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर 23 लोगों को नोटिस जारी किए। Sirsa News
गांव साहुवाला प्रथम में पेयजल से बागवानी व सब्जियों की सिंचाई करने के मामले में 11 लोगों को नोटिस दिए गए। वहीं सरसा शहर के ऑटो मार्केट से कंगनपुर क्षेत्र तक पानी व्यर्थ बहाने पर 12 पशुपालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान भैंस डेयरी फार्मों में पानी की अत्यधिक बर्बादी पाए जाने पर मौके पर ही नोटिस जारी किए गए। साथ ही विभागीय पेयजल का अवैध रूप से बागवानी में उपयोग करने वाले घरों को भी चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पेयजल का उपयोग केवल घरेलू जरूरतों के लिए किया जाए, बागवानी या व्यावसायिक कार्यों के लिए नहीं। डब्ल्यूएसएसओ के जिला सलाहकार राकेश सोगलान, बीआरसी राजेश कुमार, बलदेव राज, सीताराम और प्रेम सहारन ने लोगों से पानी का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की। विभाग ने कहा कि जल संरक्षण में जनसहभागिता जरूरी है और पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। Sirsa News