जमीन के सौदे के बाद साढ़े सात लाख रुपए हड़पने का आरोप
75 वर्षीय बुजुर्ग ने कारोबारी पर धोखाधड़ी का लगाया आरोप
हनुमानगढ़। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने साढ़े सात लाख रुपए के कथित गबन और धोखाधड़ी के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। परिवादी ने आरोप लगाया है कि जमीन के सौदे के बाद उसके हिस्से की रकम आरोपी के पास जमा करवाई गई थी, लेकिन आरोपी ने अधिकांश राशि वापस नहीं लौटाई। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 5, नई खुन्जा, जंक्शन निवासी 75 वर्षीय मोहम्मद मुश्ताक पुत्र वजन अली ने न्यायालय में दायर इस्तगासे में बताया कि उसने जसवंत सिंह उर्फ राणी को करीब 8 लाख रुपए उधार दिए थे। समय के साथ ब्याज सहित यह राशि बढ़कर लगभग 13 लाख रुपए हो गई। जब उसने अपनी रकम मांगी तो जसवंत सिंह ने आर्थिक तंगी बताते हुए अपनी दो किला जमीन बेचने की बात कही और आश्वासन दिया कि जमीन बिकने के बाद वह रकम चुका देगा।
इस्तगासे के अनुसार जमीन के सौदे में सुभाष पुत्र जयचंद अग्रवाल और नितिन चुघ की भूमिका रही। जमीन बिकने के दौरान मुश्ताक को बताया गया कि ब्याज छोड़ने पर उसे साढ़े सात लाख रुपए दिला दिए जाएंगे। आरोप है कि जमीन का सौदा होने के बाद मुश्ताक के हिस्से की साढ़े सात लाख रुपए की राशि सुभाष के पास जमा करवा दी गई। Hanumangarh News
परिवादी ने आरोप लगाया कि जसवंत सिंह स्वयं उसे लेकर सुभाष के पास गया और उसके सामने कहा कि साढ़े सात लाख रुपए मुश्ताक के हैं और उसे दे दिए जाएं। उस समय सुभाष ने नकदी की कमी बताते हुए केवल 2 लाख 15 हजार रुपए दिए तथा बाकी रकम बाद में देने का वादा किया। यह भुगतान 24 नवंबर 2018 को किया गया था।
मुश्ताक का कहना है कि इसके बाद वह कई बार शेष रकम लेने के लिए सुभाष के पास गया, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया। बाद में आरोपी ने दावा किया कि उसने मुश्ताक की ओर से रियासत अली, जफर, रजाक और यूनुस नामक व्यक्तियों को रकम दे दी थी तथा कुछ राशि स्वयं मुश्ताक को भी दी जा चुकी है। परिवादी का आरोप है कि इन कथित भुगतानों के संबंध में कोई रसीद, दस्तावेज या उसके हस्ताक्षर उपलब्ध नहीं हैं। केवल 2.15 लाख रुपए प्राप्त होने का ही रिकॉर्ड मौजूद है।
इस्तगासे में कहा गया है कि हाल ही में जब मुश्ताक ने फिर से अपनी बकाया राशि मांगी तो आरोपी ने अन्य लोगों की मौजूदगी में पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। न्यायालय के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने आरोपी सुभाष पुत्र जयचंद अग्रवाल निवासी वार्ड नम्बर 2, नई खुन्जा, जंक्शन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई खेमराज को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आरोपों की सत्यता का पता लगाएगी। Hanumangarh News