Drug Smuggler Arrested: नशीले प्रेगाबलिन कैप्सूल के साथ युवक गिरफ्तार
मेगा हाइवे पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, बिना नम्बर की बाइक भी जब्त
हनुमानगढ़। टाउन पुलिस थाना अधीन शेरगढ़ चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 450 नशीले प्रेगाबलिन कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कैप्सूल बरामद कर बिना नम्बर की मोटर साइकिल भी जब्त की है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार शेरगढ़ चौकी प्रभारी एएसआई राजाराम स्वामी दोपहर के समय मय जाप्ता मेगा हाइवे से मुण्डा रोही क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान 12 केएसपी बी के पास सड़क किनारे खेजड़ी के पेड़ के नीचे एक युवक मोटर साइकिल पर बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह बाइक स्टार्ट कर भागने का प्रयास करने लगा, जिस पर संदेह होने पर पुलिस ने उसे घेरकर रोक लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजू (35) पुत्र ओमप्रकाश वाल्मीकि निवासी वार्ड नम्बर 5, चक 10 केएसपी पीएस टाउन बताया। उसके हाथ में मौजूद काले रंग की प्लास्टिक थैली की तलाशी लेने पर उसमें से प्रेगाबलिन के 45 पत्ते बरामद हुए। प्रत्येक पत्ते में 10 कैप्सूल होने से कुल 450 कैप्सूल मिले। पुलिस ने बताया कि आरोपी से कैप्सूल रखने संबंधी लाइसेंस, परमिट या डॉक्टर की पर्ची मांगी गई, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
जिला कलक्टर के आदेशानुसार प्रेगाबलिन दवा की खुली और अनियंत्रित बिक्री प्रतिबंधित होने के कारण कैप्सूल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसकी बिना नम्बर की मोटर साइकिल को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच लखूवाली चौकी प्रभारी एएसआई किशोर सिंह को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई राजाराम स्वामी, कांस्टेबल शंकरलाल और पवन कुमार शामिल रहे। Hanumangarh News