Punjab
ब्लॉक बरनाला के 73वें और गाँव के 5वें शरीरदानी बने कृष्ण चंद इन्सां
कृष्ण चंद इन्सां का पार्थिव शरीर मेडिकल रिसर्च के लिए दान
बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Body Donation: डेरा श्रद्धालुओं के लिए सुख-दुख एक समान प्रतीत होते हैं, क्योंकि वे दुख की घड़ी में भी मानवता भलाई का साथ नहीं छोड़ते। ऐसी ही एक मिसाल गाँव खुड्डी कलां के एक डेरा श्रद्धालु परिवार ने पेश की है, जिन्होंने अपने बुजुर्ग के पार्थिव शरीर को मेडिकल शोध कार्यों के लिए दान कर दिया। परिवार के इस कदम की पंचायत सहित ग्रामीणों द्वारा भरपूर प्रशंसा की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कृष्ण चंद इन्सां (65) की बुधवार सुबह अचानक मृत्यु हो गई। परिवार ने पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की पावन शिक्षाओं पर चलते हुए कृष्ण चंद इन्सां के पार्थिव शरीर को मेडिकल रिसर्च के लिए दान करने का निर्णय लिया। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर को एनसीआर इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंसेज, नालपुर (मेरठ) को दान किया गया।
वहीं अर्थी को उनकी बेटियों और अन्यों ने कंधा दिया। इस दौरान ‘डेरा सच्चा सौदा की सोच पर पहरा देंगे ठोक के’ और ‘शरीरदानी कृष्ण चंद इन्सां अमर रहें’ जैसे नारे लगाते हुए फूलों से सजी एंबुलेंस से शव को सरपंच सिमरजीत सिंह सिम्मी और पूरी पंचायत ने मेडिकल शोध कार्यों के लिए रवाना किया। जगतार सिंह इन्सां ने बताया कि परिवार के अनुसार कृष्ण चंद इन्सां ने जीते जी ही लिखित रूप से अपने पार्थिव शरीर को मेडिकल शोध कार्यों के लिए दान करने का संकल्प लिया था, जिसे परिवार ने आपसी सहमति से पूरा किया। इस मौके पर किरणा देवी इन्सां, रामपाल इन्सां, सोनी इन्सां, कमल इन्सां, जितेन्द्र इन्सां, तुलसी राम इन्सां सहित परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
‘मानवता पर परोपकार’
ब्लॉक बरनाला के प्रेमी सेवक हरदीप सिंह इन्सां ने बताया कि कृष्ण चंद इन्सां ने ब्लॉक बरनाला के 73वें और गाँव के 5वें शरीरदानी होने का गौरव हासिल किया है। उन्होंने कहा कि पार्थिव शरीर का मेडिकल शोध के लिए दान करना अत्यंत सराहनीय कार्य है, जो समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ मानवता पर बड़ा उपकार है।
‘शरीरदान करना पुण्य का कार्य’
सरपंच सिमरजीत सिंह सिम्मी ने परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शरीरदान करना पुण्य का कार्य है, जिससे सम्पूर्ण मानवता का भला जुड़ा है। उन्होंने डेरा सच्चा सौदा द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भी प्रशंसा की।
Barnala News: गांव खुड्डी कलां में कृष्ण चंद इन्सां के पार्थिव शरीर को मेडिकल रिसर्च के लिए रवाना करते हुए सेवादार व कृष्ण चंद इन्सां की फाईल फोटो। छाया: गहल