भाई पर भूखंड हड़पने और सोना लौटाने से इंकार का आरोप

वृद्ध ने लगाया धोखाधड़ी से रहननामे की जगह इकरारनामा तैयार करवाने का आरोप

Published On

हनुमानगढ़। भादरा थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर एक वृद्ध की शिकायत के आधार पर उसके भाई समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, धमकी और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। परिवादी का आरोप है कि उसके भाई ने विश्वास में लेकर रहननामे की जगह भूखंड का इकरारनामा तैयार करवा लिया तथा अमानत के तौर पर रखा गया एक तोला सोना भी वापस नहीं लौटाया। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार डूंगराना निवासी तथा वर्तमान में चूरू जिले के देवगढ़ में रह रहे 66 वर्षीय लीलाराम उर्फ लीलूराम पुत्र कुरड़ाराम ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भादरा की अदालत में इस्तगासा पेश किया था। अदालत के आदेश के बाद भादरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। परिवाद में बताया गया कि पिता की मृत्यु के बाद पारिवारिक बंटवारे में उसे डूंगराना गांव में एक भूखंड और एक दुकान मिली थी। वहीं माता के निधन के बाद उसे एक तोला सोना प्राप्त हुआ।

परिवादी का आरोप है कि वर्ष 2022 में माता के निधन के बाद हुए खर्च में उसके हिस्से के 1.50 लाख रुपए देने के लिए उसके भाई रामस्वरूप ने सहायता की और बदले में भूखंड तथा एक तोला सोना अमानत के तौर पर अपने पास रख लिया। लीलाराम का आरोप है कि वह अनपढ़ होने के कारण दस्तावेजों की जानकारी नहीं रखता था। Hanumangarh News

इसी का फायदा उठाकर आरोपी रामस्वरूप ने रहननामे के बजाय भूखंड का इकरारनामा तैयार करवा लिया और उसे इसकी जानकारी नहीं दी। बाद में जब उसने राशि लौटा दी और मई 2026 में अपने भूखंड पर निर्माण कार्य शुरू करना चाहा तो आरोपियों ने विरोध किया। शिकायत में कहा गया है कि 13 मई को भूखंड पर ईंटें डलवाने के दौरान आरोपी महावीर उर्फ रोशन, शारदा और विकास मौके पर पहुंचे तथा निर्माण कार्य रुकवा दिया।

आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की और जान से नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। इसके बाद पंचायत में मामला उठाया गया, जहां आरोपी रामस्वरूप ने कथित रूप से सोना लौटाने और दस्तावेज निरस्त करने से इंकार कर दिया। अदालत से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर पुलिस ने रामस्वरूप, महावीर उर्फ रोशन, शारदा और विकास के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद को सौंपी गई है। प्रकरण में दस्तावेजों और आरोपों की जांच की जा रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts