स्मार्ट मीटरों के खिलाफ प्रदर्शन, थालियां-डमरू बजाकर किया विरोध

बिजली विभाग कार्यालय में शंखनाद कर अधिकारियों को 'जगाने' का प्रयास - फ्यूल सरचार्ज को बताया अवैध वसूली

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में टाउन शहर के उपभोक्ताओं ने शुक्रवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता कार्यालय परिसर में स्मार्ट मीटरों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एईएन की मौजूदगी में उनके चैम्बर में थालियां, डमरू बजाए तथा शंखनाद कर विरोध जताया। Hanumangarh News

आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान सरकार उपभोक्ताओं पर जबरदस्ती स्मार्ट मीटर थोप रही है। एक ओर सरकार के मंत्री स्मार्ट मीटर को अनिवार्य नहीं बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं की अनुपस्थिति में पुराने मीटर तोड़कर नए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। यह उपभोक्ताओं के साथ बड़ा धोखा है।

बेनीवाल ने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट ने भी टिप्पणी की है कि स्मार्ट मीटर अनिवार्य नहीं हैं और उपभोक्ता की सहमति के बिना इन्हें नहीं लगाया जा सकता। इसके बावजूद टाउन उपखंड क्षेत्र में जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। लेकिन किसी भी सूरत में स्मार्ट मीटर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रत्येक दो माह बाद उपभोक्ताओं से फ्यूल सरचार्ज के नाम पर लगातार अवैध वसूली की जा रही है।

आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार अभियान चला रही है और पार्टी की मांग है कि इस वसूली को तत्काल बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी शुरू होते ही अघोषित बिजली कटौती बढ़ गई है और बार-बार बिजली ट्रिप होने से आमजन परेशान हैं। ट्रांसफार्मर, मीटर और सर्विस वायर खराब होने की समस्याएं भी लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन उपभोक्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही। वहीं बिजली बिल वसूली के समय उपभोक्ताओं पर दबाव बनाकर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं और स्मार्ट मीटरों को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दे रहे। सुरेन्द्र बेनीवाल ने जिलेवासियों से स्मार्ट मीटरों के खिलाफ खुलकर विरोध करने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में इन्हें प्रीपेड किया जा सकता है तथा इंस्टॉलेशन चार्ज के नाम पर भारी राशि वसूली जा सकती है। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर और फ्यूल सरचार्ज के विरोध में प्रत्येक सोमवार को बिजली विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय के समक्ष अलग-अलग तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कुंभकर्णी नींद से जगाने के लिए आज डमरू, थालियां और शंख बजाए गए हैं। इस मौके पर विमला मोदी, सुभाष पारीक, सुनीता रानी, किरण, बलवंत सिंह, सुरेश कुमार, धर्मंेद्र, अमरजीत, सीताराम शर्मा, कर्मजीत, मंजू, छोटूराम, सीमा, ओमप्रकाश, अरविन्द, गुरदीप सिंह सहित कई उपभोक्ता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts