Punjab
जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचे कैबिनेट मंत्री पंवार सुनीं जन समस्याएं
खरींडवा पैक्स में अवैध तरीके से भर्ती करने वालों के खिलाफ दर्ज होगा केस, कैबिनेट मंत्री ने 12 में से 6 शिकायतों का किया समाधान
कुरुक्षेत्र (सच कहूँ/देवीलाल बारना)। Kurukshetra News: प्रदेश के विकास एवं पंचायत विभाग मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने एआर को निर्देश जारी किए कि वो डीग-खरींडवा पैक्स में अवैध तरीके से भर्ती करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करवाएं। इसके साथ ही दी किरमच को-ऑपरेटिव सोसायटी में मैनेजर सस्पेंड व अन्य कार्रवाई में अगली बैठक से पहले डीआर कोर्ट का फैसला करें और बैठक में रिपोर्ट के साथ मौजूद हों। मंत्री कृष्ण लाल पंवार शुक्रवार को नए लघु सचिवालय के सभागार में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक को संबोधित कर रहे थे।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में एजेंडे में रखी गई 12 शिकायतों में से 6 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया और लंबित 6 शिकायतों पर जांच करने के निर्देश दिए। इस मौके पर थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा, शाहाबाद के विधायक रामकरण काला, पिहोवा के विधायक मनदीप चट्ठा भी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विष्णु कॉलोनी थानेसर निवासी सोम प्रकाश की शिकायत पर एसडीएम को धारा 164, 165 के स्पीकिंग आदेश जारी करने के निर्देश दिए। लाडवा निवासी सोनू नारंग की शिकायत पर सुनवाई करते हुए पुलिस को निर्देश दिए कि वो गलत तरीके से डिपो का संचालन करने वाले नरेश गर्ग को शामिल तफ्तीश करें।
अंसल सुशांत सिटी प्रधान की शिकायत पर जांच के लिए कमेटी का गठन किया। इसमें डीएमसी, डीटीपी, ईओ एचएसवीपी, जनस्वास्थ्य व बिजली विभाग एक्सईएन को शामिल किया। पानीपत निवासी राजपाल खुराना की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वो दोनों पक्षों को बुलाकर सुनवाई करें और जो पैसा देना बनता है वो डा. सुभाष गर्ग से लिखित में लें। मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर पेश करें।
मंत्री बोले, यह मेरा विभाग, चिंता न करें
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गांव अजरानी निवासी संतोष कुमार की शिकायत पर बीडीपीओ थानेसर को निर्देश दिए कि वो 15 दिनों में प्रार्थी को पेमेंट करें। इसके साथ ही प्रार्थी को कहा कि पेमेंट न हो तो दोबारा आ जाना। यह मेरा विभाग है चिंता करने की जरुरत नहीं है। मंत्री ने ग्राम पंचायत तंगोर की शिकायत पर पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश दिए कि वो जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया को पूरा करके सडक के टुकड़े का निर्माण करें, ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो।
पंवार ने शाहाबाद मारंकडा निवासी एवं वेलफेयर सोसायटी के प्रधान जसपाल सिंह की शिकायत पर एसडीएम शाहाबाद को कमेटी बनाकर इस मामले की जांच की जाए। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पार्क पर किए गए सभी प्रकार की कब्जे को हटवाया जाए। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इस्माइलाबाद निवासी राजकुमार की शिकायत पर नगर पालिका के अधिकारियों को आदेश दिए कि वो कोर्ट से केस वापस लेकर अवैध कब्जा को हटवाएं।
कुुरुक्षेत्र से यमुनानगर के लिए चलाएं इलेक्ट्रिक बस
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कुरुक्षेत्र निवासी अनूप सिंह की शिकायत पर जीएम रोडवेज को कुरुक्षेत्र बस स्टैंड से यमुनानगर के लिए शाम 7 बजे इलेक्ट्रिक बस को शुरू करने के निर्देश दिए। पंवार ने गांव प्रतापगढ़ निवासी हरपाल सिंह व डोडा खेड़ी निवासी राजपाल और राजेंद्र की शिकायत को दोनों पक्षों के आपसी समझौते पर बंद किया।
बगैर डीपीसी बुलाए भेजी मास्टर प्लान की फाइल: विधायक
बैठक में थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने कुरुक्षेत्र के मास्टर प्लान-2041 लेकर शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि करीब 6 महीने पहले मास्टर प्लान को लेकर डिस्ट्रिक्ट प्लानिंग कमेटी की बैठक हुई थी, जिसे पास करने के बाद फाइल को सरकार के पास भेजा था, लेकिन कई आॅब्जेक्शन के बाद फाइल वापस आ गई। अब अधिकारियों ने बगैर डीपीसी बुलाए फाइल अप्रूव करके वापस भेज दी।
इस मास्टर प्लान के लिए ज्योतिसर, कमोदा, मिजार्पुर गांव के किसानों की जमीन की जरूरत पड़ेगी, लेकिन किसान अपनी जमीन नहीं देना चाहते, क्योंकि उनके साथ लगती जमीन का रेट 5 करोड़ रुपए मिल रहा, जबकि उनकी जमीन के रेट पोर्टल पर कम है। मीडिया से बातचीत में विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि मास्टर प्लान-2041 को लेकर ग्रीवेंस में मुद्दा रखा गया था, लेकिन कैबिनेट मंत्री की तरफ से कोई रिस्पांस नहीं दिया गया।