Career Seminar: परिवार व देश की तरक्की के लिए सही राह का चयन करे युवा: चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा
गांव धनाना में शिक्षाविदों ने युवाओं को दिए सफलता के मंत्र
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा के बाद सही दिशा चुनकर जीवन में आगे बढने और देश के विकास में योगदान देने के उद्देश्य से शनिवार को गांव धनाना के बंगला परिसर में एक करियर गाइडेंस और रोजगार सेमिनार का आयोजन किया गया। सम्मान एक प्रयास समिति और समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया, बल्कि परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंचे हरियाणा शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर सेमिनार की शुरूआत की। बोर्ड चेयरमैन ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि 12वीं कक्षा के बाद का समय हर विद्यार्थी के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण मोड़ होता है। आज के डिजिटल युग में अवसरों की कोई कमी नहीं है, बस जरूरत है तो सही दिशा में सही फैसले लेने की। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे युवा देश का भविष्य है, ऐसे में उनको चाहिए कि वे ऐसी राह चुने, जो कि ना केवल उनके परिवार, बल्कि देश की तरक्की भी सुनिश्चित हो।
कार्यक्रम में एम.एन.एम. राजकीय महाविद्यालय भिवानी के कॉमर्स विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डा. अजीत कुमार ने कहा कि आज का दौर आर्थिक क्रांति का है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे एक अच्छे और मान्यता प्राप्त संस्थान से ही पढ़ाई करे। राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय भिवानी के कंप्यूटर साइंस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. परमानंद ने तकनीकी शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय भिवानी के आर्ट्स विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं सम्मान एक प्रयास संस्था के अध्यक्ष राजेश लांग्यान ने कला संकाय के विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि यह सोचना बिल्कुल गलत है कि आर्ट्स में अवसर कम हैं। देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवाओं से लेकर मीडिया, डिजिटल कंटेंट क्रिएशन, कानून और सोशल वर्क जैसे क्षेत्रों में आर्ट्स के विद्यार्थियों का ही दबदबा है।
About The Author