Road Accident: अनियंत्रित होकर पलटी कार, एचटेट परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन घायल
खेतों में काम कर रहे किसानों ने दिखाई मानवता; घायलों को तुरंत टोहाना अस्पताल पहुंचाया, दोनों सुरक्षित
जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: जाखल से कुलां भूना रोड़ पर स्थित गांव दीवाना के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एचटेट परीक्षा देने जा रहे भाई-बहन की कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार दोनों भाई-बहन बाल-बाल बच गए। हालांकि, दोनों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए टोहाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों के पिता दर्शन सिंह निवासी तलवाड़ा ने बताया कि उनका बेटा हरविंदर सिंह और बेटी बलविंदर कौर सुबह करीब 8 बजे घर से फतेहाबाद में आयोजित एचटेट परीक्षा के लिए कार से निकले थे। जैसे ही उनकी गाड़ी गांव दीवाना के नजदीक पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने से कार सड़क किनारे पलट गई। हादसा होते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को संभाला और बिना समय गंवाए अपनी गाड़ियों से टोहाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही जाखल थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
