इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के दिव्यांग क्रिकेट प्रमुख से मिले पूर्व राज्य आयुक्त उमा शंकर शर्मा, भारत में दिव्यांग क्रिकेट की तरक्की की और सार्थक कदम
लंदन में उमा शंकर शर्मा की ECB के दिव्यांग क्रिकेट प्रमुख से मुलाकात
लंदन/जयपुर (सच कहूँ न्यूज़)। Jaipur News: राजस्थान सरकार में दिव्यांगजन आयुक्तालय के पूर्व राज्य आयुक्त एवं दिव्यांगजन अधिकारों के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय उमा शंकर शर्मा ने इंग्लैंड की राजधानी लंदन मे इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के दिव्यांग क्रिकेट प्रमुख इयान मार्टिन से मुलाकात कर भारत में दिव्यांग क्रिकेट के विकास एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की।
शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान राजस्थान में दिव्यांगजन के अधिकारों की रक्षा, उनके सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के प्रभावी क्रियान्वयन, सुगम्य वातावरण के निर्माण तथा दिव्यांग व्यक्तियों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए।
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड मे हुई इस बैठक के दौरान श्री शर्मा ने भारत में दिव्यांग क्रिकेट की वर्तमान स्थिति, खिलाड़ियों की प्रतिभा तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारत ने वर्ष 2007 में संयुक्त राष्ट्र दिव्यांगजन अधिकार अभिसमय का अनुमोदन किया तथा इसके अनुरूप दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 लागू किया गया, जिसके माध्यम से दिव्यांगजन के अधिकारों की कानूनी सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
श्री शर्मा ने विशेष रूप से दिव्यांग क्रिकेट को संस्थागत सहयोग, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएँ और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
ईसीबी के दिव्यांग क्रिकेट प्रमुख के साथ हुई इस बैठक में भारत और ब्रिटेन के मध्य दिव्यांग क्रिकेट के विकास, खिलाड़ियों के आदान-प्रदान, प्रशिक्षण तथा सहयोग के विभिन्न आयामों पर सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में चर्चा हुई की दिव्यांग क्रिकेट को भी मुख्यधारा के अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल आयोजनों में शामिल करने की के लिए प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर इयान मार्टिन ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट जैसे प्रयास न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में समानता और सम्मान की भावना को भी मजबूत करते हैं।
.jpg)