Jammu Kashmir News: सोमनाथ के लिए पहली विशेष ट्रेन रवाना, श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल
जम्मू से पहली बार रवाना हुई सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा
Somnath Swabhiman Yatra: जम्मू। जम्मू-कश्मीर से पहली बार आयोजित 'सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा-2026' का शुभारंभ सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रदेश के परिवहन मंत्री सतीश शर्मा ने जम्मू रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अनेक यात्रियों ने इसे अपने जीवन का एक यादगार अवसर बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। Jammu Kashmir News
यात्रा पर रवाना हुईं श्रद्धालु गीता देवी ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि उन्हें सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने बताया कि परिवार के सहयोग से आवेदन किया था और अब उनकी वर्षों पुरानी धार्मिक अभिलाषा पूरी होने जा रही है। एक अन्य यात्री वेद प्रकाश शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा इस प्रकार की यात्रा की व्यवस्था किए जाने से सामान्य परिवारों के लिए भी देश के प्रमुख तीर्थस्थलों तक पहुंचना संभव हो गया है। उन्होंने इसे श्रद्धालुओं के लिए सराहनीय पहल बताया।
श्रद्धालु जनक सिंह ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके लिए किसी सपने के साकार होने जैसी है। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में अन्य ज्योतिर्लिंगों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए भी ऐसी यात्राओं का आयोजन किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। Jammu Kashmir News
वरिष्ठ नागरिक नीलम रानी ने कहा कि भगवान की कृपा और सरकार की पहल के कारण उन्हें पहली बार सोमनाथ धाम के दर्शन का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक पर्यटन कार्यक्रम समाज में आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता को भी बढ़ावा देते हैं।
उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर सरकार के संस्कृति विभाग के अंतर्गत कार्यरत जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी ने भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 'सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा-2026' का आयोजन किया है। छह दिनों तक चलने वाली इस यात्रा का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर के श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन का सुलभ अवसर उपलब्ध कराना है। इस वर्ष यात्रा के लिए केंद्र शासित प्रदेश से 140 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। Jammu Kashmir News
About The Author