नोएडा में नियमों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, दो कोचिंग संस्थान सील

नोएडा में नियमों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, दो कोचिंग संस्थान सील

Published On

गौतमबुद्धनगर (सच कहूँ न्यूज)।जनपद  में अग्नि सुरक्षा मानकों एवं वैध पंजीकरण की जांच के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने 20 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान 12 कोचिंग संस्थानों की अग्निशमन व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, जबकि छह संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। निरीक्षण के दौरान सेक्टर-149 स्थित ओम एजुकेशन कोचिंग सेंटर में आवश्यक पंजीकरण और भवन का अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं पाया गया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने संस्थान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

इसी प्रकार सेक्टर-49 स्थित बसु कोचिंग सेंटर में वैध पंजीकरण नहीं मिलने पर उसे भी तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। संयुक्त टीम ने सेक्टर-49 के विक्टर कोचिंग सेंटर तथा सेक्टर-149 के साई विनायक इंस्टीट्यूट ऑफ स्टडीज का भी निरीक्षण किया, लेकिन दोनों संस्थान मौके पर बंद मिले। प्रशासन ने दोनों संस्थानों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने या वैधानिक औपचारिकताएं पूरी न होने पर इनके खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा सेक्टर-104 स्थित एक होटल और एक गेमिंग जोन में अग्निशमन व्यवस्था में कमियां मिलने पर उन्हें तत्काल सुधार करने की चेतावनी दी गई है। जिला प्रशासन के अनुसार होटल, रेस्टोरेंट, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, हाईराइज सोसायटी और अस्पतालों समेत विभिन्न संस्थानों की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक 116 संस्थानों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 56 संस्थानों ने कमियां दूर कर ली हैं, जबकि 21 संस्थानों के खिलाफ परिवाद दाखिल किया जा चुका है। शेष मामलों में कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध पंजीकरण और सुरक्षा मानकों का पालन किए संचालित होने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts