Road Accident: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पेड़ से टकराई कार, युवक की मौत
डिंग क्षेत्र में हुआ दर्दनाक हादसा, चार वर्षीय बच्ची समेत पांच घायल
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। Sirsa News: शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब उनकी कार डिंग क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े कीकर के पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय बच्ची सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब सात बजे डिंग थाना क्षेत्र के गांव कुकड़थाना के पास एक कार तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े कीकर के पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
डायल-112 और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल, सरसा पहुंचाया गया। इस दौरान हिसार निवासी 30 वर्षीय सोनू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे में 65 वर्षीय सुलोचना, 30 वर्षीय वंदना, 25 वर्षीय प्रीति, चार वर्षीय वीणा तथा चालक 27 वर्षीय कुलदीप घायल हुए हैं। सोनू हिसार का निवासी था, जबकि अन्य घायल फतेहाबाद जिले के गांव दादूपुर के रहने वाले बताए गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची वीणा और वंदना की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल में रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। डिंग थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज गति सामने आया है। वाहन चालक संतुलन खो बैठा, जिससे कार सीधे पेड़ से टकरा गई।
