सीडीएलयू ने जारी किया बीए-एलएलबी पांच वर्षीय पाठ्यक्रम का प्रवेश शेड्यूल

28 जून को होगी प्रवेश परीक्षा, 1 जुलाई से शुरू होगी मेरिट सूची, 7 जुलाई से लगेंगी कक्षाएं

Published On

सरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। CDLU Admission Schedule: चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीए-एलएलबी पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम में प्रवेश संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश परीक्षा, पात्रता शर्तों और काउंसलिंग कार्यक्रम का विस्तृत शेड्यूल घोषित किया है। प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए पूरी रूपरेखा निर्धारित कर दी गई है।

जारी अधिसूचना के अनुसार बीए-एलएलबी पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए 28 जून रविवार को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। परीक्षा परिणाम 29 जून को घोषित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रश्न पत्र या प्रवेश परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति 29 जून को सुबह 11 बजे तक ही स्वीकार की जाएगी।

100 अंकों की होगी प्रवेश परीक्षा

प्रवेश परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। इसमें जनरल इंग्लिश से 15 अंक, लीगल एप्टीट्यूड से 30 अंक, रीजनिंग से 20 अंक, जनरल नॉलेज से 20 अंक तथा करेंट अफेयर्स से 15 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा।

सामान्य वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य

अधिसूचना के अनुसार प्रवेश परीक्षा में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। वहीं ओबीसी वर्ग के लिए 42 प्रतिशत तथा एससी, डीएससी और एसटी वर्ग के लिए 40 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। श्रेणीवार मेरिट सूची प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पात्रता संबंधी प्रावधान बार काउंसिल आॅफ इंडिया के लीगल एजुकेशन नियम-2019 के अनुरूप लागू होंगे।

1 जुलाई को जारी होगी पहली मेरिट सूची

विश्वविद्यालय द्वारा पहली मेरिट सूची 1 जुलाई को शाम 5 बजे तक जारी की जाएगी, जबकि फीस जमा करवाने की अंतिम तिथि 3 जुलाई रात 11:59 बजे तक होगी। दूसरी मेरिट सूची 4 जुलाई को और तीसरी मेरिट सूची 8 जुलाई को जारी की जाएगी। यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो 11 जुलाई को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर खाली सीटों का विवरण जारी किया जाएगा। इसके बाद 13 जुलाई को दोपहर 12 बजे तक फिजिकल काउंसिलिंग आयोजित होगी और चयनित अभ्यर्थियों को 14 जुलाई तक फीस जमा करवानी होगी।

7 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं

विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार बीए-एलएलबी पांच वर्षीय पाठ्यक्रम की नियमित कक्षाएं 7 जुलाई 2026 से प्रारंभ होंगी। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय द्वारा जारी ई-मेल और हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

मुख्य बिंदु

प्रवेश परीक्षा : 28 जून 2026
परिणाम : 29 जून 2026
पहली मेरिट सूची : 1 जुलाई
दूसरी मेरिट सूची : 4 जुलाई
तीसरी मेरिट सूची : 8 जुलाई
फिजिकल काउंसलिंग : 13 जुलाई
कक्षाओं का शुभारंभ : 7 जुलाई 2026

CDLU

About The Author

Related Posts