लुधियाना में आयोजित ‘युवा मिलनी’ कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन 

पंजाब में बदलाव के लिए युवा निभाएं अग्रणी भूमिका: नितिन 

Published On

लुधियाना (सुरेन्द्र शर्मा/रघबीर सिंह)। Ludhiana News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को कहा है कि भाजपा पंजाब में बदलाव की लड़ाई के लिए तैयार है, क्योंकि राज्य के लोगों को पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं। उन्होंने राज्य के युवाओं से इसके लिए निर्णायक भूमिका निभाने का आह्वान किया। नबीन अपने पहले पंजाब दौरे के आखिरी दिन लुधियाना में ‘युवा मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह युवाओं के माध्यम से पंजाब के मुद्दों को समझने आए हैं।

पंजाब के युवाओं की चिंताओं और भाजपा से उम्मीदों के बारे में दर्जनों सवालों का काफी विस्तार से जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हम सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं, आप निर्णय लें, हम आपकी उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। युवाओं ने उनसे पंजाब में बुनियादी ढांचे के विकास, पंजाब पर कर्ज, कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिला सुरक्षा, औद्योगिक पलायन, कृषि संकट, पंजाब से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, खेल, स्वास्थ्य और केंद्रीय योजनाओं का पंजाब में लाभ न मिलने के बारे में सवाल किए। सवालों के बाद पूरी चर्चा का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य या देश में ढांचागत सुविधाओं का निर्मण विकास का बुनियादी पैमाना होता है, लेकिन यह पूरा मामला कानून-व्यवस्था से जुड़ा हुआ है।

यह सरकार के विजन से ही संभव होता है, पंजाब में आज जैसे हालात हैं, वैसे ही कभी उत्तर प्रदेश और बिहार के होते थे, लेकिन वे सरकार के विजन से बेहतर दिशा की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में अद्भुत क्षमता है, लेकिन वह विकास की दौड़ में पिछड़ गया है। राज्य पर चार लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। कर्ज तो दूसरे राज्य भी लेते हैं, लेकिन पंजाब को ऐसे राजस्व (रेवेन्यू) मॉडल की जरूरत है, जिससे रोलिंग मनी का उपयोग किया जा सके। इससे पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि देश के 22 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं, भाजपा ने खुद को साबित किया है, यही रिपोर्ट कार्ड हम पंजाब के लोगों के सामने पेश करेंगे और उनके मुद्दों के समाधान की लड़ाई लड़ेंगे।

पंजाब भाजपा महासचिव परमिन्द्र सिंह बराड़ ने कहा कि पंजाब की प्रगति और खुशहाली के लिए डबल-इंजन की सरकार की जरूरत है। इस अवसर पर मंच पर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ और पार्टी के पंजाब मामलों के सह-प्रभारी नरेन्द्र रैना भी मौजूद थे। 

पंजाब में ‘डबल इंजन सरकार’ के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष तेज करेगी भाजपा: नितिन नबीन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को कहा कि पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ता गैंगस्टरवाद, नशे की समस्या और युवाओं का पलायन राज्य ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को आगामी विधानसभा चुनावों में प्रमुख चुनावी एजेंडा बनाएगी और राज्य में ‘डबल इंजन सरकार’ स्थापित करने के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष को और तेज किया जाएगा।

लुधियाना में आयोजित बैठक में राज्य पदाधिकारियों, वर्तमान एवं पूर्व सांसदों, विधायकों तथा जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए नबीन ने कहा कि जिस प्रकार पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगातार मेहनत कर संगठन को मजबूत किया और राजनीतिक बदलाव का मार्ग प्रशस्त किया, उसी तरह पंजाब के कार्यकर्ताओं को भी पूरी ताकत के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में सभी 117 सीटों पर पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है और भ्रष्टाचार आम लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी संगठन का विस्तार केवल प्रदेश अध्यक्ष या संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेवारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके बूथ अध्यक्ष और जमीनी कार्यकर्ता हैं, इसलिए बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशा, गैंगस्टरवाद और स्थानीय स्तर पर फैला भ्रष्टाचार भाजपा के प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे। बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष पंजाब में भाजपा की संभावनाओं को लेकर विश्वास व्यक्त किया और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने तथा जीत सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। 

Ludhiana News

 

About The Author

Related Posts