शिक्षा और रोजगार
पुलिस मुठभेड़ में लूटकांड का फरार आरोपी माल्टा गिरफ्तार
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में घुटने में लगी गोली, देसी कट्टा और बाइक बरामद
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: जिला पुलिस ने रविवार शाम गांव किठाना के पास हुई मुठभेड़ में लूट की वारदातों में फरार चल रहे आरोपी निरंजन उर्फ माल्टा को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाएं घुटने में गोली लगी, जिसके बाद उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, कलायत सीआईए प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पंचकूला के सेक्टर-16 स्थित बुढ़नपुर निवासी निरंजन उर्फ माल्टा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में किठाना क्षेत्र में आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने किठाना-जींद रोड स्थित रजबाहे के पास नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार आरोपी वहां दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो रजबाहे की पटरी पर उसकी बाइक फिसल गई और वह नीचे गिर गया। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने अपने अवैध हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपी के कब्जे से अवैध देसी कट्टा और बाइक बरामद
आरोपी द्वारा चलाई गई एक गोली सीआईए प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाएं घुटने में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
12-13 जून की लूट वारदातों में था वांछित
पुलिस के अनुसार, निरंजन उर्फ माल्टा 12-13 जून की रात कलायत स्थित सहारण होटल में लूट के प्रयास तथा कैथल के बलराज नगर क्षेत्र में पिस्तौल के बल पर एक युवक से स्कूटी लूटने की वारदात में शामिल था। 13 जून को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी के तीन साथी साहिल, अशोक और अंकित पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। उस दौरान तीनों के पैरों में गोली लगी थी, जबकि निरंजन मौके से फरार होने में सफल रहा था।
आरोपी को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी
डीएसपी क्राइम सुशील प्रकाश ने बताया कि लूट की वारदातों में फरार चल रहे आरोपी निरंजन उर्फ माल्टा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।