शिक्षा और रोजगार
बाइक चोरी के आरोपी की निशानदेही पर चार बाइक बरामद
नशे की लत पूरी करने के लिए करता था वाहन चोरी
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने नई धान मंडी क्षेत्र से चोरी हुई बाइक के मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चार चोरीशुदा बाइक बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने पूछताछ में नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी करना स्वीकार किया है। जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां ने बताया कि 2 जून को हिरणावाली निवासी शक्तिवीर नायक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी बाइक संख्या आरजे 49 एसई 3433 को 26 मई को नई धान मंडी स्थित एक ट्रेडिंग कंपनी की दुकान के बाहर से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और कड़ी मेहनत के आधार पर पुलिस ने गुरी उर्फ गुरप्यार सिंह (19) पुत्र गुरलाल सिंह निवासी वार्ड संख्या 9, शेरगढ़ पीएस संगरिया को गिरफ्तार किया। रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा चार बाइक बरामद की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी की गई बाइकें नहर पटड़े के पास झाड़ियों में छिपा रखी थीं। उसे कोई ग्राहक नहीं मिलने के कारण वह इन्हें बेच नहीं पाया।
आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में एएसआई प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल नेतराम एवं मेजर सिंह, कांस्टेबल भीम सिंह तथा सुरेंद्र सांखला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। थाना प्रभारी कस्वां ने बताया कि 15 जून को दुर्गा कॉलोनी निवासी मनजीत सिंह की रिपोर्ट पर दर्ज बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार हीरालाल (23) पुत्र कृष्ण कुमार बावरी निवासी वार्ड संख्या 57, बिजली कॉलोनी, जंक्शन के कब्जे से भी चोरीशुदा एक बाइक बरामद की गई है। उसे कोर्ट के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया।