शिक्षा और रोजगार
जापान में गूंजा श्रीमद्भगवद्गीता का संदेश, पिहोवा के श्रद्धालुओं ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में बढ़ाई धर्मध्वजा
जापान में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किया गया
पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: गीता की पावन स्थली पिहोवा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जापान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में भाग लेने पहुंचे हैं। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस भव्य महोत्सव में श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भगवद्गीता के सार्वभौमिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जापान में भव्य गीता जयंती शोभायात्रा भी निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विश्व शांति, मानव कल्याण तथा भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार का संदेश दिया।
पिहोवा से नरेश शर्मा, तेजेंद्र वालिया, राजकुमार गोस्वामी, राजेंद्र चौपड़ा, राजीव थरेजा, कुलजीत कौर, सालु, बेबी वालिया सहित भारी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने जापान की धरती पर गीता के संदेश का प्रचार करते हुए भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का गौरव बढ़ाया।समाजसेवी अजय कालड़ा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव भारत की आध्यात्मिक विरासत को विश्व मंच पर स्थापित करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि सम्पूर्ण मानवता को जीवन जीने की कला सिखाने वाला मार्गदर्शक ग्रंथ है। जापान जैसे विकसित देश में गीता के संदेश का प्रसार होना भारत के लिए गर्व का विषय है।
भाजपा नेता डॉ. अवनीत वड़ैच ने कहा कि गीता का ज्ञान विश्व शांति, नैतिक मूल्यों और मानव कल्याण का आधार है। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के माध्यम से विश्व के विभिन्न देशों में भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पिहोवा के श्रद्धालुओं की इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि गीता का संदेश सीमाओं से परे सम्पूर्ण मानव जाति के लिए प्रेरणास्रोत है और ऐसे आयोजन विश्व बंधुत्व एवं सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
