शिक्षा और रोजगार
बीच-बचाव करना पड़ा भारी, युवक पर बरसाईं गोलियां
बीच-बचाव करना पड़ा भारी, युवक पर बरसाईं गोलियां
नरवाना (राहुल) हरनामपुरा गांव में बिजली कर्मचारियों और एक युवक के बीच हुए विवाद में बीच-बचाव करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। गुस्से में आए आरोपी ने लाइसेंसी हथियार से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हालांकि जींद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के मुख्य आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 19 जून को गांव हरनामपुरा में बिजली कर्मचारी मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान धमतान साहिब निवासी बसाबा राम बिजली बंद रहने को लेकर कर्मचारियों से उलझ गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई।
उसी समय गांव निवासी सुरेंद्र पुत्र गुरचरण वहां पहुंचा और दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगा। आरोप है कि इसी दौरान बसाबा राम ने आपा खो दिया और अपने लाइसेंसी हथियार से सुरेंद्र पर एक के बाद एक 5 से 6 फायर कर दिए। फायरिंग में सुरेंद्र की जांघ में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी हथियार सहित फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सुरेंद्र के बयान पर थाना सदर नरवाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के निर्देश पर डीएसपी उचाना संजय कुमार की निगरानी में सीआईए स्टाफ नरवाना और सदर थाना नरवाना की संयुक्त टीम गठित की गई।
सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह और सदर थाना प्रभारी कमल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी। तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी बसाबा राम को वारदात के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उप पुलिस अधीक्षक उचाना संजय कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया जारी है। मामले में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय आरोपी के पास मौजूद हथियार का इस्तेमाल किन परिस्थितियों में किया गया और वारदात के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।