शिक्षा और रोजगार
International Tiger Week: 5वां रॉयल रणथंभौर इंटरनेशनल टाइगर वीक (आईटीडब्ल्यू) 26 जून से
6 दिग्गज बाघों की विरासत की कहानियां सुनेगा देश
5th Royal Ranthambore International Tiger Week: जयपुर, सवाई माधोपुर। देश में वन्यजीव संरक्षण के प्रख्यात और अग्रणी मंच, 'रॉयल रणथंभौर इंटरनेशनल टाइगर वीक' का आयोजन इस बार 26 से 28 जून तक होने जा रहा है। रणथम्भौर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की थीम सर्वश्रेष्ठ बाघों का संरक्षण (कंजर्व इंडियाज़ फाइनेस्ट टाइगर्स) रखी गई है। International Tiger Week
अपने पांचवें संस्करण में प्रवेश कर रहे इस आयोजन ने इस बार देश के छह दिग्गज बाघों की विरासत पर संवाद विशेष आकर्षण होगा। इस बार भी यह आयोजन संरक्षणवादियों, वन्यजीव विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं, फोटोग्राफरों, फिल्म निर्माताओं, वन अधिकारियों, पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधियों, कॉर्पोरेट स्थिरता विशेषज्ञों तथा वन्यजीव प्रेमियों को एक मंच पर लाएगा। इसका उद्देश्य भारत की उल्लेखनीय बाघ संरक्षण यात्रा का उत्सव मनाने के साथ-साथ भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर सार्थक चर्चा करना है।
संरक्षण से जुड़ी प्रेरक कहानियां रहेंगी आकर्षण
आमाघाटी वाइल्डलाइफ रिज़ॉर्ट और कैसल झूमर बावड़ी में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में मुख्य व्याख्यान, पैनल चर्चाएं, संरक्षण से जुड़ी प्रेरक कहानियां, वन्यजीव फोटोग्राफी पहल, संरक्षण उत्कृष्टता सम्मान तथा रणथंभौर के अद्वितीय प्राकृतिक परिवेश से जुड़े विशेष अनुभव शामिल होंगे। International Tiger Week
संरक्षणवादी लतिका नाथ, अभिनेता राहुल सिंह के सत्र
वर्ष 2026 के संस्करण में देश के कई प्रतिष्ठित संरक्षण विशेषज्ञ और वन्यजीव क्षेत्र की प्रमुख हस्तियां भाग लेंगी। इनमें प्रसिद्ध वन्यजीव संरक्षणवादी डॉ. लतिका नाथ, रणथंभौर के सुप्रसिद्ध प्रकृतिविद् विजय सिंह मीणा, अभिनेता, पटकथा लेखक एवं निर्माता राहुल सिंह, तथा वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्तिक सत्यनारायण प्रमुख हैं। इनके साथ अनेक वरिष्ठ वन अधिकारी, शोधकर्ता और पर्यावरणविद भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। चर्चाओं का केंद्र बिंदु बाघ संरक्षण, वन्यजीव गलियारे (वाइल्डलाइफ कॉरिडोर), जिम्मेदार पर्यटन, संरक्षण में तकनीक की भूमिका, मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व, संरक्षण नेतृत्व और भारत के संरक्षित प्राकृतिक क्षेत्रों का भविष्य रहेगा।
6 महान बाघों पर सत्र विशेष आकर्षण
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण “भारत के छह महान बाघ” विषय पर आयोजित विशेष सत्र होगा। इस सत्र में उन छह प्रतिष्ठित बाघों को विशेष रूप से याद किया जाएगा, जिनकी कहानियों ने लाखों लोगों को प्रेरित किया और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेषज्ञों की चर्चा और संरक्षण कथाओं के माध्यम से प्रतिभागी उनकी असाधारण विरासत और संरक्षण आंदोलन में उनके योगदान को याद करेंगे। International Tiger Week
कंजर्वेशन अवॉर्ड्स समारोह भी प्रमुख आकर्षण
कार्यक्रम में आयोजित होने वाला कंजर्वेशन अवॉर्ड्स समारोह भी प्रमुख आकर्षण रहेगा, जिसमें वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरणीय सरोकारों को मजबूत करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान निम्नलिखित 11 श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे
• टाइगर रिजर्व ऑफ द ईयर
• मुख्यमंत्री ऑफ द ईयर – वाइल्डलाइफ लीडरशिप अवॉर्ड
• वाइल्डलाइफ वार्डन ऑफ द ईयर
• एंटी-पोचिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड
• कॉर्पोरेट लीडरशिप इन कंजर्वेशन अवॉर्ड
• वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर / फिल्म ऑफ द ईयर
• जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर – वाइल्डलाइफ एवं पर्यावरण
• इनोवेटिव कंजर्वेशन प्रोजेक्ट ऑफ द ईयर
• ह्यूमन-वाइल्डलाइफ को-एग्जिस्टेंस अवॉर्ड
• कंजर्वेशनिस्ट ऑफ द ईयर
• लाइफटाइम अचीवमेंट इन वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन
इन पुरस्कारों का चयन एक प्रतिष्ठित जूरी द्वारा किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता श्री वी. पी. सिंह बदनौर, पंजाब के पूर्व राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के पूर्व प्रशासक करेंगे। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर की वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी प्रतियोगिता तथा टाइगर कंजर्वेशन पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे आमजन की संरक्षण गतिविधियों में भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त, वन संरक्षण की अग्रिम पंक्ति में कार्यरत वनकर्मियों के योगदान और समर्पण को सम्मानित करने के लिए एक विशेष कल्याणकारी पहल भी संचालित की जाएगी। International Tiger Week