बीफ प्रकरण: मुगल गार्डन मैरिज होम का संचालक अनीस अहमद गिरफ्तार

मुगल गार्डन मैरिज होम का संचालक अनीस अहमद गिरफ्तार

Published On

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। Kairana News: वलीमे की दावत में गोमांस परोसने के मामले में कोतवाली पुलिस की कार्यवाही जारी है। शनिवार को पुलिस ने मुगल गार्डन मैरिज होम के स्वामी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। एक दिन पूर्व पुलिस दूल्हे व उसके मामा को गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

विगत गुरुवार देर शाम कोतवाली पुलिस ने कस्बे के मोहल्ला रेतेवाला में स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम में वलीमे की दावत में गोमांस परोसे जाने की सूचना पर छापामार कार्यवाही की थी। जहां पर पुलिस ने गोमांस से बने व्यंजन बरामद किए थे। पुलिस ने मौके पर मौजूद दूल्हे फरमान व उसके मामा सलमान निवासी मोहल्ला छड़ियान कस्बा कैराना को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इस्सापुर खुरगान के जंगल से गोवंश अवशेष, पशु वध के उपकरण, दस किग्रा गोमांस बरामद किया था। गोमांस को इस्सापुर खुरगान के जंगल से मैरिज होम तक ले जाने में इस्तेमाल की गई दहेज में मिली नई स्कॉर्पियो कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया था।

मामले में दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान की ओर से पांच नामजद व कई अज्ञात लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया गया था, जिसमें मुगल गार्डन मैरिज होम के संचालक व स्वामी अनीस अहमद को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया था, जबकि शेष फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। शनिवार को पुलिस ने मुगल गार्डन मैरिज होम के स्वामी अनीस अहमद निवासी मोहल्ला ख़्वाजबख्श कस्बा कैराना को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री का कहना है कि मैरिज होम संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।

मैरिज होम पर पहुंची फॉरेंसिक टीम, जुटाए साक्ष्य

वलीमे की दावत में गोमांस परोसे जाने के प्रकरण में स्थानीय पुलिस-प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना नजर आ रहा है। हिन्दू संगठनों के सक्रिय होने के चलते मामला संवेदनशील बना हुआ है। पुलिस व खुफिया विभाग के उच्चाधिकारी मामले पर अपनी नजर बनाए हुए है। मामला सोशल मीडिया पर भी खूब प्रसारित हो रहा है, जिसके चलते लखनऊ स्तर से अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिये जा रहे है। शनिवार को जनपद प्रभारी राजकुमार सिंह के नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम कस्बे के मोहल्ला रेतेवाला में स्थित मुगल गार्डन मैरिज होम पर पहुंची। जहां पर टीम ने मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए।

इस दौरान इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी भी मौजूद रहे। फॉरेंसिक टीम इससे पूर्व दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान को साथ में लेकर इस्सापुर खुरगान के जंगल से गोकशी की घटना से जुड़े साक्ष्य इकट्ठा कर चुकी है। वहीं, शनिवार को राजस्व विभाग की टीम के द्वारा भी मुगल गार्डन मैरिज होम की पैमाइश की गई है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नही हुई है।

Kairana News (3)

 

About The Author

Related Posts