विधायक देवेंद्र ने गन्नौर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण

100 बेड का अस्पताल बनवाने का प्रयास करेंगे

Published On

सोनीपत (सच कहूँ/हेमंत कुमार)। Sonipat News: गन्नौर के सब डिविजनल हॉस्पिटल  में  विधायक देवेंद्र कादियान ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, डिलीवरी रूम और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. टीना आनंद ने विधायक का स्वागत किया और अस्पताल की जरूरतों से संबंधित मांगें उनके समक्ष रखीं। विधायक ने मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया। इस बीच अस्पताल को एनेस्थीसिया विभाग में बड़ी राहत मिली है। स्पेशलिस्ट इन एनेस्थीसियोलॉजी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने एसडीएच में कार्यभार संभाल लिया है। उनके जॉइन करने से ऑपरेशन थिएटर की सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ ऑपरेशन के दौरान मरीज को बेहोशी देने के साथ उसकी स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी की अहम जिम्मेदारी निभाते हैं। विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति से विभिन्न प्रकार की सर्जरी और अन्य चिकित्सकीय प्रक्रियाओं के संचालन में सुविधा होगी।

विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन करीब 400 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। वहीं जच्चा-बच्चा विभाग में गन्नौर क्षेत्र की करीब 70 प्रतिशत डिलीवरी इसी अस्पताल में होती हैं। यहां गन्नौर के अलावा समालखा और आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अस्पताल को विभिन्न स्तरों पर सम्मान भी मिल चुका है।

कादियान ने कहा कि गन्नौर में 50 बेड के नए अस्पताल की घोषणा हो चुकी है, लेकिन जमीन को लेकर कुछ तकनीकी अड़चनें हैं। हाईवे किनारे पंचायत की जमीन पर अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। मंजूरी मिलने पर उनका प्रयास रहेगा कि क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए 50 नहीं, बल्कि 100 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाया जाए।

इस अवसर पर डॉ. संजय कौशिक, डॉ. रोहताश भल्ला, ब्लॉक समिति अध्यक्ष अनिल कुमार, अंकित मल्होत्रा, पार्षद अजय सरोहा, पूर्ण सिंह और जितेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Sonipat News

About The Author

Related Posts