जोगीवाला में आंधी-तूफान का कहर, डेयरी की छत गिरी, 21 गायें मलबे में दबीं
एक गाय गंभीर घायल, ग्रामीणों ने जेसीबी-ट्रैक्टर से चलाया बचाव अभियान
नाथूसरी चौपटा (सच कहूँ/भगत सिंह)। Nathusari Chopta News: तेज आंधी और तूफान ने सोमवार दोपहर जोगीवाला गांव में भारी तबाही मचाई। किसान जयवीर बैनिवाल की पशु डेयरी की छत अचानक गिर गई, जिससे अंदर बंधी 21 गायें मलबे के नीचे दब गईं। हादसे में एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना सोमवार दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। जयवीर बैनिवाल के अनुसार, अचानक तेज हवा चली और डेयरी के अंदर हवा का दबाव बढ़ गया। हवा का गुब्बारा बनते ही छत ऊपर की ओर उखड़ने लगी और फिर जोरदार झटके के साथ पूरी छत (गाडर, सरकंडा व अन्य सामग्री) नीचे गिर पड़ी। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। सबसे पहले गायों को खूंटों से बंधी रस्सियों को काटा गया और फिर मलबा हटाने का काम शुरू किया। जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से पूरे दिन चले बचाव अभियान के बाद देर शाम तक सभी गायों को बाहर निकाला जा सका। जयवीर बैनिवाल ने बताया कि डेयरी में करीब 40 गायें पाली जा रही थीं। शुरूआती समय में कुछ गायों को बाहर निकाल लिया गया था, लेकिन अंदर बंधी अधिकांश गायों को चोटें आई हैं। एक गाय की कमर में गंभीर चोट आई है, जिसके कारण वह खड़ी नहीं हो पा रही है। अन्य घायल पशुओं का इलाज कराया जा रहा है। किसान जयवीर बैनिवाल ने प्रशासन और सरकार से तुरंत आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि डेयरी की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और पशुओं के इलाज में भी भारी खर्चा आ रहा है।
इस तूफान से गांव में कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की तत्परता से बड़ा नुकसान टला, वरना स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
- अनिल बैनिवाल, जोगीवाला गांव के सरपंच
