ददहेड़ा पंचायत ने मंडी निर्माण के लिए दी 18 एकड़ जमीन
राज्य की 664 मंडियों में 197 करोड़ रुपए से बने कवर शेड
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigar News: पंजाब मंडी बोर्ड के अध्यक्ष हरचंद सिंह बरस्ट की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र समाना के गांव ददहेड़ा की ग्राम पंचायत ने मंडी निर्माण के लिए 18 एकड़ भूमि नि:शुल्क प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस नई मंडी के निर्माण से क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस अवसर पर गांव ददहेड़ा के सरपंच गुरजीत सिंह सहित पंचायत सदस्यों को विशेष रुप से सम्मानित किया गया।
बरस्ट ने बताया कि समाना क्षेत्र के गांव महिमदपुर (पटियाला) में ग्राम पंचायत द्वारा नि:शुल्क दी गई 19 एकड़ छह कनाल 13 मरला भूमि पर सब-यार्ड स्थापित किया गया है, जिसे आलू मंडी हब के रुप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा 44,597 किलोमीटर लंबी लिंक सड़कों का लगभग 13,339 करोड़ रुपए की लागत से मरम्मत, आधुनिकीकरण और उन्नयन किया जा रहा है। इसके अलावा 13,865 किलोमीटर लंबी लिंक सड़कों पर 132.65 करोड़ रुपए की लागत से सड़क सुरक्षा सुविधाएं स्थापित की गयी हैं। राज्य के गांवों में 280 किलोमीटर लंबी फिरनियों का 235 करोड़ रुपए की लागत से सीमेंट-कंक्रीट से आधुनिकीकरण किया जा चुका है।
46 जर्जर एवं संकरे पुलों को 20 करोड़ रुपए की लागत से अपग्रेड किया गया है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य की 664 मंडियों में 197 करोड़ रुपए की लागत से कवर शेड बनाए गए हैं, जबकि 36 मंडियों में 24.40 करोड़ रुपए की लागत से सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं।
