EXIM Bank Recruitment: सरकारी बैंक में नौकरी का मौका, एक्जिम बैंक ने बढ़ाई आवेदन की अंतिम तिथि
EXIM बैंक भर्ती 2026: मैनेजमेंट ट्रेनी के 5 पदों पर आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ी, अब 21 जून तक करें अप्लाई
मुंबई (एजेंसी)। EXIM Bank Recruitment: देश में लाखों युवा सरकारी नौकरी पाने का सपना देखते हैं। इसके लिए वे तैयारी करने के साथ-साथ बेसब्री से वैकेंसी की घोषणा का इंतजार करते हैं। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं तो आपके लिए बैंकिंग सेक्टर में नौकरी करने का यह शानदार मौका है। दरअसल, एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक ऑफ इंडिया (एक्जिम बैंक), मुंबई ने सीधी भर्ती अभियान के तहत प्रबंधन प्रशिक्षुओं (मैनेजमेंट ट्रेनी) के कुल 5 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की थी।
एक्जिम बैंक की ओर से मैनेजमेंट ट्रेनी (एमटी) पोस्ट के लिए जारी रिक्तियों में ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (मानव संसाधन प्रबंधन) से 3 और एडमिनिस्ट्रेशन (प्रशासन) से 2 पद शामिल हैं। वहीं, वर्ग के अनुसार अनारक्षित (यूआर) के 4 और ओबीसी (एनसीएल) के 1 पद हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 मई से शुरू हो गई थी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 जून तय की गई थी, जिसकी डेडलाइन को आगे बढ़ाकर अब 21 जून कर दिया गया है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन करने से चूक गए थे, वे अब एक्जिम बैंक के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय नई अंतिम तिथि तक अब अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार 3 वर्ष का फुल-टाइम कोर्स ग्रेजुएशन और कम से कम 2 वर्ष का फुल-टाइम कोर्स ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट/पर्सनेल मैनेजमेंट में स्पेशलाइजेशन के साथ पोस्ट-ग्रेजुएशन (एमबीए/पीजीडीबीए/पीजीडीबीएम/एमएमएस) में होना चाहिए, जिसमें ग्रेजुएशन और पोस्ट-ग्रेजुएशन दोनों में न्यूनतम 60 प्रतिशत कुल अंक या उसके बराबर सीजीपीए होना चाहिए या सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक और किसी भी विषय में पोस्ट-ग्रेजुएशन (एमबीए/पीजीडीबीए/पीजीडीबीएम/एमएमएस) में कम से कम 60 प्रतिशत कुल अंक/समकक्ष सीडीपीए होना चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 30 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन 100 अंकों के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 48,480 से 85,920 रुपए के बीच प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 600 रुपए और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/पीडब्ल्यूबीडी/ईडब्ल्यूएस और महिला उम्मीदवारों के लिए 100 रुपए तय किया गया है।
