Rajasthan Road Accident: नोहर-रावतसर मार्ग पर हादसा, कार की टक्कर से युवक की मौत
ओवरटेक के दौरान लापरवाही से कार चलाने का आरोप
Rajasthan Road Accident: हनुमानगढ़। नोहर-रावतसर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में रावतसर थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार थालड़का निवासी 55 वर्षीय नौरंगलाल पुत्र रूपराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका भतीजा भैराराम पुत्र दानाराम मेघवाल 15 जून को दोपहर में हेलमेट पहनकर मोटर साइकिल संख्या एचआर 44 जे 3470 पर सवार होकर नोहर जा रहा था। Hanumangarh News
नौरंगलाल और उसके चाचा बेगराज भी अपनी गाड़ी से उसके पीछे-पीछे जा रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार करीब 12.30 बजे टोपरियां गांव से आगे टोल नाके से लगभग 100 मीटर पहले नोहर की ओर से आ रही टोयोटा इटियोस कार संख्या एचआर 29 एजे 2525 के चालक पवन गेदर निवासी गोगामेड़ी ने दूसरे वाहन को ओवरटेक करते समय कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। शिकायत में बताया गया कि टक्कर के बाद मोटर साइकिल करीब 15 मीटर तक घिसटती चली गई और भैराराम सड़क पर गिर गया।
गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पीछे आ रहे परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो युवक को मृत पाया। इस दौरान कार चालक भी मौके पर मौजूद मिला, जिसने अपना नाम पवन गेदर निवासी गोगामेड़ी बताया। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच थालड़का चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक मांगेराम मोठसरा को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। Hanumangarh News
साइकिल सवार बुजुर्ग को बाइक ने मारी टक्कर, गंभीर हालत में भर्ती
हनुमानगढ़। जंडावाली गांव में एक साइकिल सवार बुजुर्ग को मोटर साइकिल के जरिए टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का इलाज श्रीगंगानगर के निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां वह कोमा में बताए जा रहे हैं। सदर थाना पुलिस ने बुजुर्ग के पुत्र की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार चक 3 जेआरके, जंडावाली निवासी 52 वर्षीय दलसिंह पुत्र कुलवंत सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 30 मई को उसके पिता कुलवंत सिंह खेत में कार्य करने के बाद अपराह्न करीब 3 बजे साइकिल से जंडावाली यूरिया खाद लेने जा रहे थे। इसी दौरान श्रीगंगानगर रोड पर सुखदेव सिंह की ढाणी के पास पीछे से आ रही मोटर साइकिल संख्या आरजे 31 एसपी 1088 के चालक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए साइकिल को टक्कर मार दी।
बेटे ने लगाया तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप
टक्कर लगने से कुलवंत सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर दलसिंह और उसका भाई बादल सिंह मौके पर पहुंचे। परिजन घायल को तत्काल टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद घायल को श्रीगंगानगर स्थित अम्बा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि कुलवंत सिंह अभी भी कोमा की स्थिति में हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक जसकरण सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।