जिला मुख्यालय पर 7 घंटे से बिजली गुल, उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल

दलसिंह नगर के पास 33 केवी लाइन की तार टूटने से बाधित हुई आपूर्ति

Published On

Power Cut at District Headquarters: हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर पिछले करीब सात घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप रहने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं आने से शहरवासियों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। जंक्शन क्षेत्र के दलसिंह नगर के पास 33 केवी विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण आपूर्ति बाधित बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार विद्युत विभाग के कर्मचारी पिछले छह घंटे से अधिक समय से मौके पर मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं, लेकिन दोपहर समाचार लिखे जाने तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। Hanumangarh News

वहीं देर रात हुई बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों और ढाणियों में भी कई स्थानों पर विद्युत आपूर्ति प्रभावित बताई जा रही है। बिजली गुल होने से जंक्शन के मुख्य बाजार, दुर्गा कॉलोनी सहित कई अन्य कॉलोनियों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगे इनवर्टर भी बंद हो चुके हैं, जिससे पेयजल, पंखे, कूलर और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या के संबंध में जानकारी लेने के लिए अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किए। इससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है। नागरिकों का कहना है कि विभाग की ओर से आपूर्ति बहाली को लेकर स्पष्ट समयसीमा भी नहीं बताई जा रही है। वहीं क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि 33 केवी लाइन को किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से नुकसान पहुंचाया गया है।

हालांकि इस संबंध में विद्युत विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यदि लाइन को जानबूझकर क्षति पहुंचाई गई है तो संबंधित अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज क्यों नहीं कराया गया। फिलहाल विद्युत विभाग की टीम फॉल्ट को दूर करने के प्रयास में जुटी हुई है, लेकिन शहरवासियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर विद्युत आपूर्ति कब तक बहाल होगी और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts