शिक्षा और रोजगार
Fraud Alert: मृत महिला के नाम पर बेची जमीन
फर्जी इकरारनामा, कूटरचित दस्तावेज और प्रतिरूपण कर ठगी करने का आरोप
हनुमानगढ़। पल्लू थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े और ठगी के मामले में दो नामजद आरोपियों सहित अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार न्यायिक मजिस्ट्रेट, रावतसर के आदेश पर प्राप्त इस्तगासे के आधार पर मामला दर्ज किया गया। Hanumangarh News
परिवादी लाभसिंह (50) पुत्र आशासिंह मजहबी निवासी महमा सवाई जिला बठिंडा, पंजाब ने आरोप लगाया कि उसकी कृषि भूमि से संबंधित फर्जी इकरारनामा तैयार कर धोखाधड़ी की गई। परिवाद में बताया गया कि आरोपित गुरसेवक सिंह पुत्र रूपसिंह एवं रूपसिंह पुत्र जसासिंह निवासी सदानवाला जिला फरीदकोट, पंजाब ने कथित रूप से आपसी षड्यंत्र के तहत परिवादी की दिवंगत माता जगदेव कौर के नाम की कृषि भूमि का फर्जी इकरारनामा तैयार किया।
आरोप है कि मृतका की जगह किसी अन्य महिला को प्रस्तुत किया गया तथा परिवादी लाभसिंह के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को गवाह बनाकर दस्तावेज तैयार किए गए। परिवादी के अनुसार आरोपियों ने उक्त भूमि का सौदा देवीलाल नामक व्यक्ति से कर करीब 1.50 लाख रुपए अग्रिम राशि के रूप में प्राप्त कर लिए। बाद में पल्लू पुलिस थाना में हुई बातचीत के दौरान कथित खरीदार पक्ष ने स्वीकार किया कि इकरारनामे में दर्शाया गया गवाह वास्तविक लाभसिंह नहीं था, जबकि उसकी माता जगदेव कौर का निधन वर्ष 2019 में हो चुका था।
परिवाद में यह भी आरोप लगाया गया कि फर्जी आधार कार्ड और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 5 मार्च 2022 को इकरारनामा निष्पादित किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जब उसने आरोपियों से इस संबंध में जवाब मांगा तो उन्होंने कथित रूप से धमकीपूर्ण रवैया अपनाया। पल्लू थाना पुलिस ने न्यायालय के निर्देशानुसार बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक भंवरलाल को सौंप दी है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। Hanumangarh News