शिक्षा और रोजगार
इंटरलॉकिंग कार्य पर उठे सवाल, भ्रष्टाचार के आरोप
लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद उखड़ने लगी इंटरलॉकिंग
Corruption: हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के चूना फाटक के पास करवाए गए इंटरलॉकिंग कार्य को लेकर स्थानीय दुकानदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। दुकानदारों ने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद इंटरलॉकिंग कुछ ही समय में टूटने और उखड़ने लगी है। Hanumangarh News
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इंटरलॉकिंग बिछाने के दौरान निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया। उनका आरोप है कि कार्य के समय न तो उचित सपोर्ट लगाया गया और न ही पर्याप्त मात्रा में बालू-रेत डाली गई। इसके अलावा कार्य का सही माप (मेजरमेंट) भी नहीं रखा गया, जिसके कारण सड़क का लेवल भी सही नहीं बन पाया। दुकानदारों ने बताया कि कुछ समय पहले ही नगर परिषद की ओर से यहां इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया था, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता कमजोर होने के कारण अब जगह-जगह इंटरलॉकिंग क्षतिग्रस्त होने लगी है। इससे राहगीरों और व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि वे इस संबंध में पूर्व में भी नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित कार्य की जांच करवाई जाए और यदि निर्माण में अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। क्षेत्र के लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि सार्वजनिक धन का दुरुपयोग न हो और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। Hanumangarh News