Sanitation: बस स्टैंड के पास गंदगी का अंबार, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
नालियों से निकाला कचरा दिनों तक सड़कों पर पड़ा, व्यापारी और आमजन परेशान
Sanitation: हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय में सफाई व्यवस्था की बदहाल स्थिति एक बार फिर चर्चा का विषय बनी हुई है। टाउन में बस स्टैंड के पास नालियों से निकाला गया कचरा कई दिनों से सड़क किनारे और बीच मार्ग पर पड़ा हुआ है, जिससे आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी नालियों की सफाई के बाद निकाला गया कचरा सड़क पर ही छोड़ देते हैं, लेकिन उसे उठाने के लिए समय पर वाहन नहीं पहुंचते। Hanumangarh News
कई स्थानों पर दो-दो दिनों तक कचरा पड़ा रहने से दुर्गंध फैल रही है और राहगीरों को भी परेशानी हो रही है। सड़क किनारे जमा गंदगी और नाले का कचरा शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है। लोगों का कहना है कि जंक्शन शहर के हृदय स्थल शहीद भगत सिंह चौक के पास भी नाले से निकाला गया कचरा अभी तक नहीं उठाया गया है, जिससे क्षेत्र की सुंदरता और स्वच्छता दोनों प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद सफाई व्यवस्था चरमराई हुई नजर आ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से नहीं हो रही, जिसके कारण हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। गौरतलब है कि जिला कलक्ट्रेट जाने वाले अधिकांश वरिष्ठ अधिकारी प्रतिदिन शहीद भगतसिंह चौक के पास से गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क पर फैली गंदगी और कचरे के ढेरों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। शहरवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से नियमित सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि जिला मुख्यालय की स्वच्छ छवि बनी रह सके। Hanumangarh News