रात्रि चौपाल से नशा तस्करों और अपराधियों में बढ़ा खौफ

जनता के करीब पहुंच रही पुलिस

Published On

हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे पुलिस के नवाचार रात्रि चौपाल अभियान का सकारात्मक प्रभाव दिखाई देने लगा है। इस पहल के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच संवाद बढ़ रहा है तथा लोग खुलकर आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचा रहे हैं।

इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र के गांव बहलोल नगर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अरविंद बिश्नोई तथा सीओ सिटी मीनाक्षी के नेतृत्व में हुआ। अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा को लेकर विशेष चर्चा की गई।

अधिकारियों ने महिलाओं और बालिकाओं को राजकोप सिटीजन एप की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के पुलिस को सूचना दें। पुलिस हर परिस्थिति में पीड़ितों के साथ खड़ी है और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से नशे की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि नशे से संबंधित सूचना देने के लिए विशेष व्हाट्सएप हेल्पलाइन नम्बर 87645-31201 जारी किया गया है। इस नम्बर की मॉनिटरिंग स्वयं पुलिस अधीक्षक की ओर से की जाती है तथा सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाती है।

यातायात नियमों की पालना का संदेश

चौपाल में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हेलमेट पहनने, यातायात नियमों की पालना करने और नाबालिगों को वाहन नहीं देने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए स्वयं नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। रात्रि चौपाल में सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला, ग्राम पंचायत बहलोल नगर के प्रशासक, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, गांव के गणमान्य नागरिक और आसपास के क्षेत्रों से ग्रामीण मौजूद रहे। मौजूद लोगों ने पुलिस के इस जनसंपर्क अभियान की सराहना करते हुए इसे जनता और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत करने वाला कदम बताया।

About The Author

Related Posts