करणी चौक के पास गोवंश से टकराई कार, बड़ा हादसा टला
निराश्रित पशुओं की वजह से हुआ हादसा, कार क्षतिग्रस्त
हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र के करणी चौक के पास गुरुवार को एक कार सड़क पर आए गोवंश से टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा एक तरफ से क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करणी चौक क्षेत्र में सड़क पर अचानक आए गोवंश के कारण कार नम्बर एचआर 51 एए 8151 का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार पशु से जा टकराई। Hanumangarh News
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का बोनट, बंपर और हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि करणी चौक क्षेत्र में प्रतिदिन हरा चारा डाला जाता है, जिसके कारण बड़ी संख्या में गोवंश और अन्य निराश्रित पशु सड़क पर एकत्रित हो जाते हैं। व्यस्त मार्ग होने के बावजूद पशुओं की मौजूदगी से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि इससे पहले भी गोवंश से टकराने के कई हादसे हो चुके हैं।
कई बार प्रशासन और नगर परिषद का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने नगर परिषद और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से निराश्रित पशुओं की समस्या के समाधान तथा सड़क पर चारा डालने की व्यवस्था को नियोजित करने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। Hanumangarh News