Goods Train Fire: डीएफसी कॉरिडोर पर मालगाड़ी के डिब्बे में लगी भीषण आग, दमकलों ने पाया काबू 

रूपसपुर के पास धुएं का गुबार देख दहशत में आए लोग 

Published On

फिरोजाबाद (सच कहूँ न्यूज़)। Firozabad News: थाना लाइनपार क्षेत्र के रूपसपुर के निकट बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर खड़ी मालगाड़ी के एक डिब्बे में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का विशाल गुबार छा गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कई किलोमीटर दूर से धुआं दिखाई दे रहा था। इधर घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आनन -फानन में पहुंची चार दमकलों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।  

बुधवार शाम करीब चार बजे डीएफसी मालगाड़ी लाइन पर खड़ी मालगाड़ी के एक डिब्बे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने पूरे डिब्बे को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। 

इधर दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगातार बढ़ती जा रही थी, लेकिन प्रयासों से आखिरकार आग को नियंत्रित कर लिया गया। वहीं सामान्य रेल यातायात प्रभावित नहीं हुआ। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। 

Firozabad News

About The Author

Related Posts